सिनेमा की दुनिया में हैदराबाद रचेगा इतिहास, चिरंजीवी बना रहे हैं ऐसी स्क्रीन
Last Updated:
Chiranjeevi Cinema Project: हैदराबाद में सिनेमा प्रेमियों के लिए एक ऐसा मेगा प्रोजेक्ट प्रस्तावित है, जो दुनिया की सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन का रिकॉर्ड बना सकता है. एशियन सिनेमाज और मेगास्टार चिरंजीवी के साथ मिलकर फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में इस प्रीमियम थिएटर को विकसित करने की योजना है. अगर प्रोजेक्ट योजना के मुताबिक पूरा हुआ, तो यह जर्मनी की मौजूदा सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ सकता है.
हैदराबाद. अपने सिनेमा प्रेम और भव्य थिएटरों के लिए हमेशा से जाना जाता रहा है, लेकिन अब यह शहर दुनिया के सिनेमा इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है. जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन बनाई जा सकती है जो दर्शकों को फिल्म देखने का एक नया और जादुई अनुभव देगी. इंटरटेनमेंट की जानकारी रखने वाले मोइन खान बताते हैं कि तेलंगाना की प्रमुख फिल्म प्रदर्शक कंपनी एशियन सिनेमाज ने इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए तेलुगु सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी के साथ हाथ मिलाया है.
यह विशाल प्रीमियम थिएटर हैदराबाद के प्रमुख व्यापारिक केंद्र फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में बनाया जाना प्रस्तावित है. इस मल्टीप्लेक्स प्रोजेक्ट का नाम एशियन चिरंजीवी सिनेमाज (ACC) या एशियन मेगास्टार सिनेमाज (AMC) रखा जा सकता है. हालांकि, निर्माताओं की ओर से आधिकारिक नाम की घोषणा होना बाकी है, फिर भी दर्शकों और फिल्म जगत में इसे लेकर काफी उत्साह है.
दुनिया की मौजूदा सबसे बड़ी स्क्रीन
फिलहाल दुनिया की सबसे बड़ी चालू स्क्रीन का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जर्मनी के ट्राउम्पालास्ट लियोनबर्ग थिएटर के नाम है. इसकी स्क्रीन करीब 127 फीट चौड़ी और 69 फीट ऊंची है, इसमें 574 रिक्लाइनर सीटें हैं और यह आईमैक्स डुअल लेजर तकनीक पर चलती है. जॉर्जिया में स्थित इस थिएटर की स्क्रीन 101 फीट चौड़ी और 76.2 फीट ऊंची है जिसमें 363 सीटें मौजूद हैं. अगर एशियन सिनेमाज और चिरंजीवी का यह प्रोजेक्ट योजना के अनुसार जर्मनी और अमेरिका की स्क्रीनों को पीछे छोड़ देता है, तो हैदराबाद वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन का खिताब अपने नाम कर लेगा. यह न सिर्फ भारत बल्कि पूरे एशिया के फिल्म प्रेमियों के लिए एक मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा. इस थिएटर में स्क्रीन के वास्तविक आकार, इस्तेमाल होने वाले साउंड सिस्टम और आधुनिक लेजर तकनीक के बारे में जल्द ही आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है. फिल्म प्रेमियों के लिए यह अनुभव बेहद खास होने वाला है.