Bihar Weather Tomorrow: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव, बिहार के 5 जिलों में कल भारी बारिश का अलर्ट

Bihar Weather Tomorrow: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव, बिहार के 5 जिलों में कल भारी बारिश का अलर्ट


Bihar Weather Tomorrow: बिहार में 24 सितंबर को मौसम का मिजाज बदलने वाला है? मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना है. कई जिलों में भारी से लेकर अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. जानें बिहार कल के मौसम का अपडेट.

24 सितंबर को कहां-कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को उत्तर और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. वहीं दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ स्थानों पर भी बारिश हो सकती है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बिजली चमकने और 40-50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
24 सितंबर को अररिया, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, बक्सर, किशनगंज, पूर्णिया, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल में भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान और पश्चिम चंपारण में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

बंगाल की खाड़ी में बना है गहरा दबाव
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र है. यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश तथा दक्षिण ओडिशा के तट को पार करने की संभावना है. इस मौसम प्रणाली का असर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है.

तापमान में कब आएगी गिरावट?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है.

23 सितंबर को सबसे अधिक तापमान 38.1 डिग्री
पिछले 24 घंटे में बिहार में मानसून की गतिविधि कमजोर रही. राज्य के पूर्वी हिस्से के कई स्थानों और अन्य जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस भभुआ (कैमूर) में दर्ज हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण) में रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग की सलाह
24 सितंबर को गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचना बेहतर होगा.



Source link