₹1 लाख में शुरू करें अपना ब्यूटी पार्लर, मेकअप आर्टिस्ट ने बताया पूरा सेटअप, ट्रेनिंग देकर करें एक्स्ट्रा कमाई

₹1 लाख में शुरू करें अपना ब्यूटी पार्लर, मेकअप आर्टिस्ट ने बताया पूरा सेटअप, ट्रेनिंग देकर करें एक्स्ट्रा कमाई


पलामू. बदलता दौर महिलाओं के लिए कई अवसर ला रहा है. आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के लिए रोजगार के साथ-साथ अपना कारोबार भी शुरू कर रही हैं. ब्यूटी पार्लर और मेकअप आर्टिस्ट का काम ऐसा क्षेत्र है, जिसे सीमित पूंजी से शुरू किया जा सकता है. सही प्रशिक्षण, मेहनत और ग्राहक सेवा पर ध्यान देकर इसे धीरे-धीरे बड़े कारोबार में बदला जा सकता है. मेकअप आर्टिस्ट रिद्धिमा का कहना है कि करीब एक लाख रुपये के आसपास की पूंजी में बेसिक सुविधाओं वाला पार्लर शुरू किया जा सकता है.

पांचवां बैच चला रहीं रिद्धिमा
रिद्धिमा ने बताया कि वह मेकअप आर्टिस्ट होने के साथ-साथ ट्रेनिंग भी देती हैं और वर्तमान में उनका पांचवां बैच चल रहा है. उनके यहां स्थानीय छात्र-छात्राओं के साथ दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थी भी मेकअप और ब्यूटी से जुड़ी तकनीक सीख रहे हैं. ट्रेनिंग देकर वह अच्छी और मोटी कमाई करती हैं. उनका कहना है कि चैनपुर में उन्होंने मेकअप एकेडमी और स्टूडियो शुरू किया है, जहां प्रशिक्षण के साथ प्रैक्टिकल काम भी सिखाया जाता है.

निजी स्कूल में पढ़ाने से मेकअप आर्टिस्ट तक का सफर
रिद्धिमा के लिए इस क्षेत्र में पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. ब्यूटीशियन बनने से पहले वह निजी विद्यालय में पढ़ाती थीं. बाद में उन्होंने मेकअप के क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर इसे अपना करियर बनाया. उन्होंने कहा कि शुरुआत में कई लोगों की बातें और ताने भी सुनने पड़े, लेकिन मेहनत और लगन के साथ उन्होंने अपना काम जारी रखा और आज प्रशिक्षण देने के स्तर तक पहुंची हैं.

₹1 लाख में तैयार हो सकता है बेसिक पार्लर
एक लाख रुपये के बजट में दो पार्लर चेयर, दो बड़े मिरर, हेयर वॉश सेटअप, हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर, कर्लिंग आयरन, कैंची-कंघी, फेशियल बेड, स्टीमर और वैक्स हीटर जैसे जरूरी सामान खरीदे जा सकते हैं. इसके अलावा मैनीक्योर-पेडीक्योर के सामान, फेशियल किट, वैक्स, ब्लीच, शैंपू, कंडीशनर, हेयर सीरम, तौलिया और मेकअप का बेसिक किट भी रखा जा सकता है.

करीब ₹80 हजार में बेसिक सामान
उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के बाद बेसिक सामान खरीदकर अच्छा बिजनेस शुरू किया जा सकता है. जिसमें चेयर और मिरर पर करीब ₹16 हजार, हेयर वॉश सेटअप पर ₹8 हजार, हेयर स्टाइलिंग उपकरण पर करीब ₹9 हजार, फेशियल बेड और स्टीमर पर करीब ₹9-10 हजार तथा फेशियल, वैक्सिंग और मेकअप सामग्री पर करीब ₹18-20 हजार खर्च हो सकता है. रैक, टेबल, तौलिया और अन्य जरूरी सामान मिलाकर बेसिक सेटअप लगभग ₹78-80 हजार में तैयार किया जा सकता है.

बचे पैसे से बढ़ाएं प्रोडक्ट स्टॉक
उन्होंने बताया कि अगर आपका बजट 1 लाख रुपये है तो एक लाख रुपये के बजट में करीब 20 हजार रुपये अतिरिक्त प्रोडक्ट स्टॉक और आकस्मिक खर्च के लिए रखे जा सकते हैं. वहीं इस काम में शुरुआत के बाद ग्राहक बढ़ने पर धीरे-धीरे सेवाओं और उपकरणों का विस्तार किया जा सकता है.

महिलाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता का अवसर
उन्होंने यह भी कहा कि ब्यूटी पार्लर को महिलाएं घर से भी छोटे स्तर पर शुरू कर सकती हैं और अनुभव बढ़ने के साथ स्टूडियो या एकेडमी का रूप दे सकती हैं. मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, फेशियल, वैक्सिंग, थ्रेडिंग और अन्य सेवाओं से आय के अलग-अलग स्रोत बनाए जा सकते हैं. हालांकि लाखों की कमाई निश्चित नहीं है; यह ग्राहक संख्या, सेवा शुल्क, स्थान, कौशल और खर्च पर निर्भर करता है.



Source link