Last Updated:
BJP New Team : बीजेपी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार के कई नेताओं को दूसरे राज्यों की अहम जिम्मेदारी सौंपी है. बंगाल के प्रभारी रह चुके बिहार के विधायक मंगल पांडेय को अब असम का प्रभारी बनाया गया है. बंगाल चुनाव के दौरान मंगल पांडेय की भूमिका अहम रही थी. वहीं पूर्व एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है.
मंगल पांडेय को बंगाल के बाद असम की कमान, देवेश कुमार बने अरुणाचल बीजेपी प्रभारी.
पटना. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी हैं. बिहार से आने वाले कई नेताओं को दूसरे राज्यों का प्रभारी और सह प्रभारी बनाया गया है. बंगाल के प्रभारी रह चुके बिहार के सीवान सीट से विधायक मंगल पांडे को असम का प्रभारी बनाया गया है. मंगल पांडे बिहार सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. बंगाल चुनाव के दौरान मंगल पांडेय ने अहम भूमिका निभाई थी, जिसके बाद अब उन्हें असम प्रभारी की बड़ी जिम्मेदारी मिली है.
देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभार
बिहार बीजेपी के एक अन्य नेता और पूर्व एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है. देवेश कुमार ने पिछले दिनों बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था. उनकी खाली हुई सीट पर बीजेपी नेता दीपक प्रकाश एमएलसी बने थे. दीपक प्रकाश बिहार सरकार में मंत्री हैं और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं. देवेश कुमार को अब अरुणाचल प्रदेश में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
निवेदिता सिंह को झारखंड की जिम्मेदारी
बिहार से बीजेपी की एमएलसी निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है. बिहार और झारखंड के बीच राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर लगातार संपर्क को देखते हुए इस जिम्मेदारी को भी अहम माना जा रहा है.
बंगाल में बिहार के दो नेताओं को जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल में भी बिहार से आने वाले नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी गई है. बिहार के राजेंद्र सिंह को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है. वहीं बिहार की पिंकी कुशवाहा को भी पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है. इस तरह बीजेपी की नई सांगठनिक जिम्मेदारियों में बिहार के कई नेताओं की भूमिका दूसरे राज्यों में बढ़ी है. मंगल पांडे को असम का प्रभारी, देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी, निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी और राजेंद्र सिंह व पिंकी कुशवाहा को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है.