Last Updated:
Datia BJP District President: भारतीय जनता पार्टी ने दतिया में नए जिला अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है और माधवेंद्र सिंह परिहार पर भरोसा जताया है. बताया जा रहा है कि इस नियुक्ति को पार्टी के अंदर पावर बैलेंस साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. माधवेंद्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर गुट के नेता माने जाते हैं. नरोत्तम मिश्रा के गढ़ में तोमर गुट के नेता को कमान मिलना यह संदेश देता है कि बीजेपी अब किसी एक नेता के प्रभाव पर निर्भर नहीं रहना चाहती है.
दतिया में बीजेपी ने नरेंद्र सिंह तोमर गुट के नेता को बनाया जिलाध्यक्ष
Datia BJP District President: कहते हैं राजनीति में वक्त बदलते बिल्कुल देर नहीं लगती है. कभी मध्य प्रदेश में नरोत्तम मिश्रा गृह मंत्री थे और उनकी तूती बोलती थी. उनके बयान अक्सर सभी का ध्यान खींचते थे. लेकिन फिर उनका टिकट कट गया और उसके बाद से ही उनके लिए अच्छा वक्त नहीं आ रहा है. जब बीजेपी को दतिया उपचुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था, तब भीतरघात के आरोप भी लगे थे. फिर नरोत्तम बीजेपी के सीनियर नेताओं से मिले और कई कार्यक्रमों में भी नजर आए. जब वह दतिया पहुंचे, तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. ऐसे में माना जा रहा था कि बीजेपी उनके किसी आदमी को दोबारा जिला अध्यक्ष बना सकती है, लेकिन ऐसा हुआ नहीं. बीजेपी ने दतिया जिला अध्यक्ष के लिए माधवेंद्र सिंह परिहार पर दांव लगाया है.
इस फैसले को राजनीतिक गलियारों में नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव पर एक बड़ा झटका माना जा रहा है. लंबे समय से दतिया बीजेपी पर नरोत्तम का दबदबा रहा है. माना जा रहा था कि जिलाध्यक्ष के पद पर उनके किसी खास समर्थक की ताजपोशी होगी.
माधवेंद्र के पास है संगठन में काम करने का लंबा अनुभव
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक नए जिलाध्यक्ष बनाए गए माधवेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश बीजेपी के दिग्गज नेता नरेंद्र सिंह तोमर का बेहद खास माना जाता है. इस नियुक्ति के साथ ही यह साफ हो गया है कि तोमर समर्थक चेहरे पर भरोसा जताया है. माधवेंद्र संगठन का लंबा अनुभव रखते हैं और हाल के उपचुनाव में आशुतोष तिवारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर चुके हैं. वह दतिया जिले के महामंत्री भी रह चुके हैं.
माधवेंद्र सिंह के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती दतिया में पार्टी के बिखरे कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने की होगी. इसके अलावा अपनी नई टीम के साथ संगठन को और मजबूती देने की होगी.
दतिया बीजेपी के नए जिलाध्यक्ष
नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद हुआ था बवाल
दतिया से नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं और जब राजेंद्र भारती की विधायकी गई थी, तो वह प्रचार में भी जुट गए थे. वह यह मान कर चल रहे कि बीजेपी की तरफ से टिकट उन्हें ही मिलेगा. उन्होंने नामांकन फॉर्म तक खरीद लिया था. लेकिन ऐन मौके पर उनका टिकट कट गया और बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया. फिर उनके समर्थकों ने जो बवाल काटा. वह पूरे देश ने देखा.
बीजेपी ने पूरी कार्यकारिणी को किया था भंग
नरोत्तम के खास माने जाने वाले तब के दतिया जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने इस्तीफा देने की पेशकश भी कर डाली थी. तब तो बीजेपी ने किसी का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया, लेकिन बाद में जब उपचुनाव में हार मिली, तो बीजेपी ने पूरी कार्यकारिणी को ही भंग कर दिया.