ट्रेन में STF का जवान बनकर यात्रियों से वसूली, पैसे नहीं दिए तो धकेला; यात्री की मौत के बाद खुला बड़ा राज

ट्रेन में STF का जवान बनकर यात्रियों से वसूली, पैसे नहीं दिए तो धकेला; यात्री की मौत के बाद खुला बड़ा राज


पटना. चलती ट्रेन में यात्रियों को पुलिसकर्मी, आरपीएफ या STF का जवान बताकर डराने और उनसे पैसे ऐंठने वाले आरोपी को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी यात्रियों से पैसे की मांग करता था और पैसे नहीं देने पर उनके साथ बकझक और मारपीट करता था. इसी दौरान एक यात्री को चलती ट्रेन से धकेलने का भी आरोप है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर आरा-जगजीवन हाल्ट के बीच एक शव बरामद किया गया है.

आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरिसवन गांव निवासी करीब 25 वर्षीय रोहित तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है. रेल पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच के दौरान आरोपी को घटना के करीब एक सप्ताह के अंदर गिरफ्तार किया गया है.

19 सितंबर को ट्रेन में हुई थी वारदात

रेल पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को दानापुर स्पेशल ट्रेन संख्या 07091 में सफर के दौरान शादी के वीडियोग्राफर नितिन कुमार और उसके दोस्त के साथ घटना हुई थी. आरोप है कि ट्रेन में रोहित तिवारी ने खुद को पुलिसकर्मी, आरपीएफ या STF का जवान बताकर यात्रियों पर रौब जमाया और उनसे पैसे की मांग की. पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने बकझक और मारपीट की. इसी दौरान एक यात्री को चलती ट्रेन से धकेले जाने की बात सामने आई. घटना के बाद इस मामले में बक्सर रेल थाना में केस दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की.

SIT ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रेल पुलिस उपाधीक्षक दानापुर कंचन राज के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस के मुताबिक, लगातार छापेमारी के बाद रोहित तिवारी को बक्सर और बनारस के बीच मोहनसराय से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और आरोपी की निशानदेही पर आरा-जगजीवन हाल्ट के बीच एक शव बरामद किया गया.

शव की नितिन कुमार के रूप में हुई पहचान

रेल पुलिस के अनुसार, बरामद शव की पहचान वादी मुकेश राय ने नितिन कुमार के रूप में की है. नितिन के ट्रेन से धकेले जाने की बात मामले की जांच में सामने आई थी. अब शव बरामद होने के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पहले से भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के मुताबिक, रोहित तिवारी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. रेल पुलिस की ओर से जारी जानकारी में शाहपुर थाना कांड संख्या 88/23, रेल थाना बक्सर कांड संख्या 161/24, रेल थाना दानापुर कांड संख्या 265/26 और रेल थाना बक्सर कांड संख्या 204/26 समेत कई मामलों का जिक्र किया गया है. रेल पुलिस के अनुसार, दानापुर के एक पुराने मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर निकल गया था.

अकेले करता था वारदात या गैंग में था?

अब रेल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रोहित तिवारी अकेले ही यात्रियों को निशाना बनाता था या उसके साथ कोई और भी शामिल था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अपराध करने के तरीके और उससे जुड़े दूसरे मामलों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी कथित तौर पर खुद को पुलिस, आरपीएफ या STF का जवान बताकर यात्रियों पर दबाव बनाता था और उनसे पैसे मांगता था. पैसे नहीं देने पर मारपीट करने और यात्री को चलती ट्रेन से धकेलने का आरोप है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरीके से आरोपी ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है.



Source link