Last Updated:
Nitin Nabin Jaipur Visit: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 सितंबर को जयपुर पहुंचेंगे और 25 सितंबर को कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह राजस्थान में प्रस्तावित पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत जयपुर से करेंगे. अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता अभियान में शामिल होने के बाद 10 हजार निकाय प्रत्याशियों को संबोधित करेंगे. इसके बाद 90 विशेष रथों को रवाना करेंगे. दोपहर में राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर पर युवाओं से संवाद करेंगे और शाम को दिल्ली लौटेंगे.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 सितंबर को जयपुर पहुंचेंगे
जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर कल यानी 24 सितंबर को गुलाबी शहर जयपुर पहुंच रहे हैं. आगामी महीने में राजस्थान में होने वाले पंचायत चुनावों और नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर उनका यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है. पार्टी ने उनके स्वागत और कार्यक्रमों की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, और पूरे शहर में उन्हें लेकर उत्साह का माहौल है.
कल जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा. इसके बाद उनके शहर में जगह-जगह पारंपरिक तरीके से स्वागत किए जाने की भी पूरी योजना है. जयपुर आगमन के तुरंत बाद वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे. इस बैठक में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों की रणनीति, उम्मीदवारों के चयन और जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों की गहन समीक्षा की जाएगी.
25 सितंबर को स्वच्छता अभियान और विशाल जनसभा
दौरे के दूसरे दिन यानी 25 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है. इस दिन की शुरुआत सुबह 7:30 बजे जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पर आयोजित स्वच्छता अभियान से होगी, जहां वे खुद पहुंचकर स्वच्छता का संदेश देंगे और श्रमदान करेंगे. इसके बाद दिन में 11 बजे वे नगर निकाय चुनाव में बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरने वाले करीब दस हजार प्रत्याशियों को एक भव्य मंच से संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान एक विशाल जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाएगा.
प्रचार रथों की सौगात और चुनावी अभियान का आगाज
निकाय प्रत्याशियों के संबोधन और जनसभा के दौरान ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पंचायत चुनाव के लिए एक बड़ा कदम उठाएंगे. वे केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इन रथों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाया जाएगा. इसी के साथ वे आधिकारिक तौर पर राजस्थान में पंचायत चुनाव के पार्टी अभियान का जोरदार आगाज भी करेंगे.
युवाओं के साथ विशेष संवाद और दिल्ली वापसी
दोपहर 3 बजे उनका अगला बड़ा कार्यक्रम राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होगा, जहां वे राज्य के युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे. पिछले दिनों जंतर-मंतर पर हुए जेन-जी (Gen-Z) के आंदोलन के बाद राजस्थान में बीजेपी के किसी केंद्रीय और शीर्ष नेता का युवाओं के साथ संवाद का यह अपने तरह का पहला बड़ा कार्यक्रम होगा, जिस पर राजनीतिक विश्लेषकों की भी गहरी नजर रहेगी. युवाओं के सवालों के जवाब देने और उनकी आकांक्षाओं को समझने के बाद, वे 25 सितंबर की शाम को ही जयपुर से दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगे.