अगर आप गैस सिलेंडर बुक करने की सोच रहे हैं तो आपके लिए एक बड़ी खबर है. ग्रामीण इलाकों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत कम हो गई है. उत्तर प्रदेश के कुछ गांवों और छोटे कस्बों में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर सरकारी कीमत से करीब 200 से 600 रुपये तक कम में मिल रहा है. कुशीनगर में इसकी कीमत करीब 2,946 रुपये तय है, लेकिन कुछ जगहों पर ग्राहक इसे 2,400 से 2,700 रुपये में खरीद पा रहे हैं. हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में ऐसी कोई कमी नहीं हुई है.
कुछ महीने पहले गैस की सप्लाई को लेकर लोगों को काफी परेशानी हुई थी. कमर्शियल सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लग रही थीं और कई जगह इसकी उपलब्धता भी कम हो गई थी. अब सप्लाई में सुधार के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति बदल गई है. कम मांग के कारण कुछ गैस एजेंसियां कमर्शियल सिलेंडर जल्दी निकालने के लिए कम कीमत पर बेच रही हैं.
कम दाम पर क्यों मिल रहा है कमर्शियल सिलेंडर?
इसके पीछे अहम वजह गांवों में 19 किलो वाले सिलेंडर की कम मांग बताई जा रही है. गैस एजेंसियों को सिलेंडर से भरी गाड़ी मिलने पर खाली सिलेंडर भी वापस देने होते हैं. अगर खाली सिलेंडर पर्याप्त संख्या में वापस नहीं जाते हैं तो आगे की सप्लाई प्रभावित हो सकती है.
ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यावसायिक ग्राहकों की संख्या कम होने के कारण कमर्शियल सिलेंडर की खपत भी कम रहती है. ऐसे में एजेंसियों के पास सिलेंडर जमा हो जाते हैं. सप्लाई बनाए रखने के लिए कुछ एजेंसियां इन्हें कम कीमत पर ग्राहकों को दे रही हैं.
घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दाम में अंतर
यह समझना जरूरी है कि कम कीमत का फायदा मुख्य रूप से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर पर मिल रहा है. घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में इस तरह की कटौती नहीं हुई है. उदाहरण के लिए, दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब 942 रुपये है, जबकि 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर करीब 2,747.50 रुपये का है. कुशीनगर में घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब 1,014 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की सरकारी कीमत करीब 2,946 रुपये बताई गई है. लेकिन स्थानीय स्तर पर कमर्शियल सिलेंडर इससे कम कीमत में मिल रहा है.
गांवों में अब 25 दिन में बुक होगा सिलेंडर
LPG ग्राहकों के लिए एक और बदलाव हुआ है. पहले ग्रामीण इलाकों में घरेलू सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का अंतर रखा गया था. अब इसे घटाकर 25 दिन कर दिया गया है. इस बदलाव को पेट्रोलियम मंत्रालय ने गैस की बेहतर होती सप्लाई और पुराने बैकलॉग में कमी के बाद लागू किया है. इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी इस व्यवस्था को लागू कर दिया है. अब शहरों की तरह ग्रामीण ग्राहक भी 25 दिन के अंतराल पर घरेलू LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे.
सिलेंडर लेते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर किसी ग्राहक को कम कीमत पर कमर्शियल सिलेंडर मिल रहा है तो खरीदारी के समय कुछ सावधानी जरूरी है. सिलेंडर की सही कीमत और वजन चेक करें और भुगतान की रसीद जरूर लें. बहुत कम कीमत मिलने पर यह भी देखना चाहिए कि सिलेंडर रजिस्टर्ड एजेंसी से ही मिल रहा है.
साथ ही, कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर को एक जैसा न समझें. दोनों का इस्तेमाल और कीमत अलग होती है. ग्रामीण इलाकों में कमर्शियल सिलेंडर की कम मांग के कारण कुछ जगहों पर कीमत कम हो सकती है, लेकिन यह छूट हर शहर या हर एजेंसी पर लागू हो, यह जरूरी नहीं है.