DUSU के बाद केरल में भी ABVP का डंका, लेफ्ट के 45 साल पुराने गढ़ पर कब्जा
Last Updated:
ABVP Victory in Kerala: डूसू यानी DUSU चुनाव नतीजों के बीच केरल से ABVP के लिए बड़ी खबर आई है. त्रिपुनिथुरा गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज में ABVP ने छात्र संघ चुनाव में SFI के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को खत्म करते हुए सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. यह वही छात्र संगठन है जो दिल्ली विश्वविद्यालय में भी छात्र राजनीति में अहम भूमिका निभाता है. केरल के इस नतीजे को कैंपस राजनीति में ABVP के बढ़ते प्रभाव के एक और संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
DUSU रिजल्ट के बीच ABVP की एक और बड़ी जीत, केरल में SFI के 45 साल पुराने किले पर कब्जा (सांकेतिक तस्वीर)
ABVP Victory in Kerala: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के बाद एबीवीपी को एक और खुशखबरी मिली है. एबीवीपी यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने केरल में लेफ्ट के मजबूत किले को ध्वस्त कर दिया है. एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनाव में केरल कॉलेज में लेफ्ट को क्लीन स्वीप कर दिया है. जी हां, एबीवीपी ने केरल के त्रिपुनिथुरा गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज के छात्र संघ पर कब्जा कर लिया है. एबीवीपी ने छात्र संघ चुनाव में सभी सीटों पर जीत दर्ज की. इसके साथ ही कॉलेज में करीब 45 साल से चले आ रहे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के दबदबे का अंत हो गया.
दरअसल, एसएफआई कई वर्षों से इस कॉलेज के छात्र संघ पर काबिज था. लेकिन इस बार एबीवीपी ने चुनाव में क्लीन स्वीप किया और छात्र संघ के सभी छह प्रमुख पद जीत लिए. यह जीत ऐसे समय में हुई है, जब इलाके की राजनीति में भी बदलाव देखने को मिला है. हाल ही में भाजपा ने त्रिपुनिथुरा नगरपालिका की सत्ता संभाली है. इसके साथ स्थानीय निकाय में 45 साल से चला आ रहा वामपंथी नेतृत्व खत्म हो गया.
क्यों अहम है यह रिजल्ट
अब कॉलेज कैंपस में भी एबीवीपी ने इसी तरह की कामयाबी हासिल की है. यह कॉलेज चार दशकों से ज्यादा समय तक वामपंथी छात्र संगठनों के प्रभाव में रहा था. यह रिजल्ट इसलिए भी अहम है, क्योंकि हाल ही में दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव में भी एबीवीपी को प्रचंड जीत मिली है.
ABVP ने इस जीत पर क्या कहा?
एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, केरल कॉलेज में जीत पर एबीवीपीर गदगद है. एबीवीपी ने इस नतीजे को एसएफआई की कथित छात्र विरोधी नीतियों की अस्वीकृति बताया. एबीवीपी के एक प्रतिनिधि ने कहा कि इस कॉलेज में मिली जीत से केरल के दूसरे कॉलेज कैंपस में एबीवीपी की इकाइयों को भी मजबूती मिलेगी. उनका कहना है कि एसएफआई के नेतृत्व वाले छात्र संघों ने संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त काम नहीं किया.
ABVP के सभी प्रमुख उम्मीदवार जीते
- केरल छात्रसंघ चुनाव में स्निग्धा एम हरि को चेयरपर्सन चुना गया, जबकि आदित्य टीए ने वाइस चेयरपर्सन का पद जीता.
- विग्नेश भट्ट जनरल सेक्रेटरी चुने गए. विग्नेश डी मैगजीन एडिटर और अंजलि टी आर्ट्स क्लब सेक्रेटरी चुनी गईं.
- निवेद्या केएन ने यूनिवर्सिटी यूनियन काउंसलर का पद जीता. वहीं शिवानी आर और अवनी सीबी क्रमशः सेकंड UG रिप्रेजेंटेटिव और सेकंड PG रिप्रेजेंटेटिव चुनी गईं.