Last Updated:
BPSC TRE 4.0 Recruitment 2026: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए 32 हजार से ज्यादा पदों का बड़ा मौका आया है. BPSC TRE 4.0 के तहत कुल 32,388 शिक्षक पदों पर आवेदन की प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है. खास बात यह है कि भर्ती कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के अलग-अलग स्तरों के लिए है और सबसे ज्यादा 16,101 पद कक्षा 11वीं-12वीं के हैं हालांकि उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी अपडेट यह भी है कि भर्ती परीक्षा की तारीख अभी तय नहीं हुई है. ऐसे में फॉर्म भरने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को परीक्षा की अगली घोषणा पर भी नजर रखनी होगी.
BPSC TRE 4.0 Syllabus 2026, BPSC TRE 4.0 Recruitment 2026: बिहार में टीचर भर्ती के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं.
BPSC TRE 4.0 Recruitment 2026: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट है. बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC ने चौथे चरण की स्कूल टीचर रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (School Teacher Recruitment Examination) यानी TRE 4.0 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य में कुल 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाएगी.उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 से BPSC की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
इस भर्ती में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के अलग-अलग स्तरों के शिक्षक पद शामिल हैं. खास बात यह है कि सबसे ज्यादा 16,101 पद कक्षा 11 और 12 के लिए हैं वहीं TRE 4.0 की परीक्षा सितंबर में प्रस्तावित थी लेकिन अब इसे टाल दिया गया है.आयोग की ओर से नई परीक्षा तारीख अभी जारी नहीं की गई है.मौजूदा BPSC परीक्षा कैलेंडर में भी TRE 4.0 की परीक्षा तारीख को अभी TBD रखा गया है.
32,388 पदों में किस कक्षा के कितने शिक्षक?
BPSC TRE 4.0 के तहत कुल 32,388 पदों को चार अलग-अलग स्कूल स्तरों में बांटा गया है. इनमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए 3,847 पद हैं. कक्षा 6 से 8 तक के लिए 8,563 पद रखे गए हैं.इसी तरह कक्षा 9 और 10 के लिए 3,877 पद हैं जबकि सबसे ज्यादा 16,101 पद कक्षा 11 और 12 के लिए निर्धारित किए गए हैं.इस तरह इन चारों स्तरों को मिलाकर कुल 32,388 शिक्षक पद होते हैं.भर्ती से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना में पदों के साथ पात्रता, विषय, जरूरी योग्यता और दूसरे नियमों की जानकारी दी जाएगी इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पूरी शर्तें जरूर देखनी चाहिए.
पहले 1 सितंबर से शुरू होने थे आवेदन
TRE 4.0 की आवेदन प्रक्रिया पहले 1 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली थी और 30 सितंबर 2026 तक चलने का कार्यक्रम था.बाद में आयोग ने प्रक्रिया में बदलाव किया और आवेदन की शुरुआत टाल दी गई.अब 21 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है.इसी तरह TRE 4.0 की परीक्षा भी पहले सितंबर में आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब उसका कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. BPSC ने अभी संशोधित परीक्षा तारीख जारी नहीं की है.आयोग की ओर से नई तारीख विस्तृत अपडेट के साथ जारी किए जाने की उम्मीद है.उम्मीदवारों को परीक्षा की तारीख और दूसरे अपडेट के लिए BPSC की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहना चाहिए.
BPSC TRE 4.0 के लिए आवेदन कैसे करें?
TRE 4.0 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले BPSC की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाना होगा.वेबसाइट के होमपेज पर TRE 4.0 भर्ती से जुड़ा रजिस्ट्रेशन लिंक मिलेगा.नए उम्मीदवारों को पहले अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा.रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरना होगा. इसमें उम्मीदवारों को मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी.इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा. फीस जमा करने के बाद फॉर्म को एक बार अच्छी तरह जांच लेना चाहिए. सभी जानकारी सही होने पर आवेदन फॉर्म सबमिट करें और इसके बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें.भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए कन्फर्मेशन पेज का प्रिंटआउट भी निकालकर सुरक्षित रखना बेहतर होगा.