Last Updated:
Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में 21 वर्षीय राजीव का शव झाड़ियों में मिला. परिवार ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच कर रही है. तीन दिन पहले युवक घर से निकला था और लापता हो गया था.
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के तहत चोंकीवाला के साथ लगती झाड़ियों में 21 वर्षीय प्रवासी युवक का शव मिला.
नालागढ़. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के तहत चोंकीवाला के साथ लगती झाड़ियों में 21 वर्षीय प्रवासी युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान राजीव के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ कृपालपुर में रहकर मजदूरी का काम करता था. युवक पिछले करीब तीन दिनों से लापता बताया जा रहा था.
जानकारी के अनुसार राजीव तीन दिन पहले सुबह खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी कई जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. बताया जा रहा है कि परिवार की ओर से नालागढ़ पुलिस थाना में गुमशुदगी की शिकायत भी दी गई थी.
सोमवार शाम चोंकीवाला के समीप झाड़ियों से दुर्गंध आने पर एक महिला को वहां कुछ संदिग्ध नजर आया. महिला ने इसकी सूचना आसपास के लोगों और संबंधित प्रशासन को दी. मौके पर पहुंचने पर झाड़ियों में एक युवक का शव बरामद हुआ. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. बाद में वहां पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान राजीव के रूप में की.
मृतक के पिता महेंद्र ने बताया कि उनका परिवार उत्तर प्रदेश के लक्ष्मीपुर जिले का रहने वाला है और यहां मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है. उन्होंने बताया कि उनका 21 वर्षीय बेटा भी उनके साथ मजदूरी करता था. महेंद्र के अनुसार राजीव तीन दिन पहले घर से निकला था और उसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया. गुमशुदगी की शिकायत के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था.
राजीव के पिता ने अज्ञात लोगों पर अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि राजीव की करीब दो दिन पहले हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया हो सकता है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले की गहन जांच करवाकर आरोपियों का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
तीन दिन से लापता था राजीव
राजीव के दोस्त बंसी ने भी बताया कि वह पिछले करीब तीन दिनों से लापता था. दोस्त के अनुसार झाड़ियों में शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी. उसने भी आशंका जताई कि राजीव की किसी ने हत्या कर शव को वहां फेंका हो सकता है. दोस्त ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हालांकि, हत्या की पुष्टि अभी पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल, परिवार ने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की मांग की है.