नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा है. जापान के खिलाफ ऐतिहासिक मैच से सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह को बाहर कर दिया गया है. सूर्यवंशी को इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भी बेंच पर बैठना पड़ा था. अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों मैचों में सूर्यवंशी को नहीं खिलाया गया था. जसप्रीत बुमराह हालांक अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेले थे.
भारत और जापान (IND vs JPA) के बीच मुकाबला पहले 20 ओवर का खेला जाना था लेकिन आउटफील्ड गीला होने की वजह से मुकाबला देरी से शुरू हुआ. जिसके बाद मैच को 5-5 ओवर का कर दिया गया. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम के खिलाफ मैदान पर उतरना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए एक बड़ा सपना होता है. इस प्रारूप में भारत के खिलाफ खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी नेपाल के गुलशन झा हैं, जिन्होंने महज 17 साल 228 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी.
इस लिस्ट में नामीबिया के मैक्स हिंगो (17 साल 341 दिन) दूसरे और जापान के चार्ली हारा-हिंज (17 साल 357 दिन) तीसरे स्थान पर आते हैं. इनके अलावा अफगानिस्तान के नूर अहमद (19 साल 11 दिन) और जिम्बाब्वे के तेंदई चतारा (19 साल 105 दिन) भी बेहद कम उम्र में भारत का सामना कर चुके हैं. भारत अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में कुल 20 अलग-अलग टीमों के खिलाफ खेल चुका है, जबकि जिम्बाब्वे ने सबसे ज्यादा 32 और आयरलैंड ने 27 विरोधी टीमों का सामना किया है.
नए प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ पहली ही भिड़ंत में जीत दर्ज करने के मामले में भारतीय टीम का रिकॉर्ड दुनिया में सबसे शानदार है. अपने सामने आई पहली 19 नई टीमों में से भारत ने 16 टीमों को अपने पहले ही मुकाबले में धूल चटाई है. भारत को सिर्फ न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने शुरुआती मैच में हार झेलनी पड़ी थी, जबकि स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबला बेनतीजा रहा था. दुनिया का कोई भी फुल मेंबर देश नए विरोधियों के खिलाफ अपनी पहली भिड़ंत में ऐसा धमाकेदार रिकॉर्ड नहीं बना सका है. यह दिखाता है कि भारतीय टीम हर नई चुनौती के सामने शुरू से ही हावी रहती है.
भारत (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह.
जापान (प्लेइंग इलेवन): लाचलान यामामोटो-लेक, रेओ सकुरानो-थॉमस, केंडेल कडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), बेंजामिन इटो-डेविस, वतारू मियाउची, अलेक्जेंडर शिराई-पटमोर (विकेटकीपर), चार्ली हारा-हिंज, इब्राहिम ताकाहाशी, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, मकोतो तानियामा, शोमा सुगाया-स्लेटर.