Last Updated:
Ram Mandir Daan Chori News : राम मंदिर दान चोरी मामले में कई अहम सुराग जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं. एक शख्स पर जानकारी लीक करने का शक है. उसके खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं. आने वाले समय में देखना होगा कि आखिर कौन हैं ये विभीषण.
राम मंदिर दान चोरी को लेकर बड़ा अपडेट.
अयोध्या : उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर दान चोरी मामले की जांच जारी है. लगातार एक के बाद एक कई पहलू सामने आ रहे हैं. अब जांच एजेंसियों के हाथ एक और अहम जानकारी लगी है. बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों ने मामले से जुड़े पूर्व और वर्तमान कर्मचारियों से पूछताछ की. इस दौरान दो कर्मचारियों से मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंची है, जिस पर दान चोरी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी एक प्रमुख राजनीतिक नेता तक पहुंचाने का शक है.
1 माह बाद हाथ लगी बड़ी जानकारी
हिंदुस्तान लाइव की एक रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियों ने पूछताछ का दायरा तब बढ़ाया था, जब मामला सामने आने के करीब 1 माह बाद ट्रस्ट पदाधिकारियों की आपसी बातचीत की जानकारी सामने आई. ट्रस्ट के भीतर की गोपनीय जानकारी मीडिया और एक प्रमुख राजनीतिक नेता तक पहुंचने को लेकर चिंता जताई गई. इसके बाद पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश शुरू की कि अंदर की जानकारी किसके जरिए बाहर पहुंची.
कई पोस्ट डिलीट किए
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान एक कर्मचारी के एक प्रमुख नेता के संपर्क में रहने और उनसे मिलने के लिए लखनऊ जाने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस सारे सबूतों और बयानों का मिलान कर रही है. जांच में मिले सबूतों के आधार पर आगे कार्रवाई हो सकती है. बताया जा रहा है कि जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध ने जुलाई के बाद अपने फेसबुक अकाउंट से कई पोस्ट डिलीट कर दिए थे. 28 जुलाई के बाद उसके फेसबुक अकाउंट पर कोई नई पोस्ट भी नहीं की गई.
पुलिस ने डिलीट पोस्ट का डेटा हासिल करने के लिए साइबर सेल की मदद ली है. जांच एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों और चढ़ावा चोरी के बाद संबंधित लोगों के बीच हुए संपर्क की भी पड़ताल कर रही हैं. वहीं, एसबीआई के सभी संबंधित कर्मचारियों के बयान पुलिस दर्ज कर चुकी है. सूत्रों के अनुसार, दो कर्मचारियों से मिली जानकारियों को विवेचना में अहम माना जा रहा है.
इस दिन होगा आरोपपत्र दाखिल
वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस 25 सितंबर को आरोपपत्र दाखिल कर देगी. हालिया रिपोर्टों के मुताबिक विवेचना में दो और नाम सामने आने की संभावना भी जताई गई है. मंगलवार 22 सितंबर को आरोपियों की गिरफ्तारी को 90 दिन हो जाएंगे. ऐसे में आरोपियों की जमानत पर भी नजरें हैं.