बेटियों ने एशियन गेम्स 2026 में दिलाया पहला गोल्ड, महिला क्रिकेट में मिली जीत
Last Updated:
India women cricket team wins asian games gold: भारत ने एशियन गेम्स महिला क्रिकेट में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया है. एशियन गेम्स 2026 में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है. इससे पहले शूटिंग में पांच जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट में भारत ने एक पदक सहित 6 मेडल जीते थे. इस गोल्ड मेडल के साथ भारत की इस एशियाई खेलों में सात पदक हो चुके हैं. महिला क्रिकेट टीम ने पिछले एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था.
भारत ने एशियन गेम्स में बचाया अपना खिताब, जीता गोल्ड मेडल.
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. नागोया में आयोजित एशियन गेम्स महिला क्रिकेट के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को मात दी. इससे पहले भारत ने 2023 इंचियोन में एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था. भारत ने 147 रन से फाइनल मुकाबला जीता. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की टी20 इंटरनेशनल में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है.
भारत ने श्रीलंका को रिकॉर्ड 217 रन का लक्ष्य दिया था. लंकाई टीम 69 रन पर ढेर हो गई. श्रीलंका की ओर से ओपनर और कप्तान चामरी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए जबकि कविशा दिल्हारी ने 11 रन की पारी खेली. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने दो दो विकेट लिए. श्रीलंका महिला टीम की टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास की सबसे बड़ी हार है. इससे पहले श्रीलंका को 2019 में नॉर्थ सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 132 रनों से सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था.
इस मुकाबले के साथ ही भारतीय महिला टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपनी लगातार 8वीं जीत हासिल की, जो इस प्रारूप में उनकी अब तक की सबसे लंबी विजय यात्रा है, जिसने 2018 में बनाए गए 7 लगातार जीत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. श्रीलंका ने भारत को आखिरी बार 2024 एशिया कप के फाइनल में हराया था, लेकिन उसके बाद से भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ लगातार आठों टी20 मुकाबलों में अपनी जीत का सिलसिला कायम रखा है.
भारत ने एशियन गेम्स में बचाया अपना खिताब, जीता गोल्ड मेडल.
भारत ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया
भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 45 गेंद में 79 रन की शानदार पारी खेली जबकि ऋचा घोष (22 गेंद में नाबाद 49 रन) ने डेथ ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की. हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने एशियाई खेलों में महिला टी20 क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ तीन विकेट पर 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. भारत ने टॉस जीतने के बाद पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया। स्मृति (79 रन, 45 गेंद) और शेफाली वर्मा (48 रन, 29 गेंद) ने छह ओवर में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 59 रन तक पहुंचाया.
मंधाना-शेफाली ने 99 रन की साझेदारी की
एशिया कप से ही शानदार फॉर्म में चल रहीं दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 60 गेंद में 99 रन की साझेदारी करके फाइनल में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. भारत को रोकने के लिए कुछ विशेष करने की जरूरत थी लेकिन श्रीलंकाई टीम की गेंदबाजी में साधारण नजर आई और उसने भारतीय सलामी बल्लेबाजों को अपनी शर्तों पर खेलने दिया. भारत ने अंततः एशियाई खेलों के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. शेफाली और स्मृति दोनों ने स्पिनरों की जमकर धुनाई की. स्मृति ने तीसरे ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर सुगंधिका कुमारी की लगातार गेंदों पर दो छक्के जड़े. इनमें से पहला बैकफुट से सीधे मैदान के ऊपर से लगाया गया जबकि अगली गेंद पर उन्होंने स्लॉग स्वीप खेलकर गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया.
स्मृति मंधाना ने कुल सात छक्के लगाए
इसके बाद तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या का ओवर और भी महंगा साबित हुआ। स्मृति ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का जड़कर पारी का अपना तीसरा छक्का लगाया. श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू खुद पांचवां ओवर करने आईं और 19 रन लुटा बैठीं जिसमें तीन छक्के शामिल थे. इनमें से दो शेफाली के बल्ले से आए. उन्होंने पहले शॉर्ट गेंद को पुल करके सीमा के पार भेजा और अगली गेंद को मिडऑफ के ऊपर से छह रन के लिए भेजा. तीन गेंद बाद स्मृति ने श्रीलंकाई कप्तान तथा ऑफ स्पिनर की गेंद पर सीधा छक्का जड़ा. स्मृति ने कुल सात छक्के लगाए.
ऋचा ने डेथ ओवरों अहम पारी खेल स्कोर 200 के पार पहुंचाया
एक और अर्धशतक के करीब पहुंच चुकी शेफाली ने बाएं हाथ की स्पिनर चामुडी प्रबोदा की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की लेकिन शॉट का सही संपर्क नहीं हुआ और वह कैच आउट हो गईं. भारत के लिए नंबर तीन का स्थान कुछ समय से परेशानी का सबब रहा है. इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर (17 गेंद में 19 रन) तीसरे नंबर पर उतरीं और भारत की बढ़त को मजबूत करने की कोशिश की लेकिन एशिया कप के बाद से जारी उनका संघर्ष यहां भी दिखा और वह 15वें ओवर में लॉन्ग ऑफ पर कैच दे बैठीं. स्मृति शानदार शतक की ओर बढ़ रही थीं लेकिन सुगंधिका की गेंद पर एक और स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश में डीप में कैच आउट हो गईं. इसके बाद ऋचा ने डेथ ओवरों में एक और अहम पारी खेलते हुए भारत को 200 रन के पार पहुंचा दिया.