टी20 में एक साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले 5 बल्लेबाज, 7 साल बाद टूटा विश्व कीर्तिमान

टी20 में एक साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले 5 बल्लेबाज, 7 साल बाद टूटा विश्व कीर्तिमान


नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में जब भी किसी आक्रामक बल्लेबाज की चर्चा होती है, तो उसके चौके-छक्कों की गूंज हर तरफ सुनाई देती है. लेकिन क्रिकेट का खेल जितना अपनी शानदार पारियों के लिए याद रखा जाता है, उतना ही यह अनचाहे रिकॉर्ड्स के लिए भी चर्चा का केंद्र बन जाता है. ऐसा ही एक अनचाहा और अजीब रिकॉर्ड अब भारत के युवा विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज हो गया है.

जापान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टी20 मैच में हर किसी की निगाहें अभिषेक शर्मा (Abhishek Shamra) पर टिकी थीं. 6 वर्षीय इस बाएं हाथ के बल्लेबाज से फैंस को एक और आतिशी पारी की उम्मीद थी. हो भी क्यों न, अभी कुछ दिन पहले ही 17 सितंबर को दिल्ली के मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए अपने पिछले टी20 मैच में अभिषेक ने सिर्फ 30 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा था. लेकिन क्रिकेट की अनिश्चितता का खेल देखिए, उसी मैदान पर शतक जड़ने वाला यह धुरंधर बल्लेबाज जापान के खिलाफ मैच की पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गया.

टी20 में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा जीरो पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट.

अभिषेक शर्मा का 2026 में 10वां डक
जापान के खिलाफ भारतीय पारी की शुरुआत करने आए अभिषेक शर्मा को पहले ओवर की छठी गेंद पर चार्ली हारा-हिन्ज़ ने गोल्डन डक पर आउट कर दिया. यह शून्य सिर्फ एक साधारण आउट होना नहीं था, बल्कि इसने क्रिकेट इतिहास के पन्नों में एक नया अध्याय लिख दिया. साल 2026 में टी20 क्रिकेट में यह अभिषेक का 10वां डक (शून्य) था. इसके साथ ही वह एक ही कैलेंडर वर्ष में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.

राशिद खान का 7 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
क्रिकेट के पूरे टी20 इतिहास में आज तक कोई भी खिलाड़ी एक साल के भीतर 10 बार डक पर आउट नहीं हुआ था. अभिषेक ने इस मामले में अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान का सात साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. राशिद खान साल 2019 में 56 टी20 मैचों में 9 बार बिना खाता खोले आउट हुए थे. इसके अलावा पाकिस्तान के शादाब खान भी साल 2024 में 42 पारियों में 9 बार शून्य पर सिमट चुके हैं.

टी20 में सबसे ज्यादा डक बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट
अगर टी20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची पर नजर डालें, तो आंकड़े काफी हैरान करने वाले हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर अब अभिषेक शर्मा का नाम दर्ज है, जिन्होंने 2026 में 42 मैच खेलकर 1306 रन बनाए और 10 बार शून्य पर आउट हुए. उनके बाद राशिद खान का नंबर आता है, जिनके नाम 2019 में 9 डक दर्ज हैं. वहीं शादाब खान 2024 में 9 डक के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

गिब्स, नरेन और हेल्स भी शामिल
इस लिस्ट में कई दिग्गज खिलाड़ियों का नाम भी शामिल है. दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स साल 2009 में 33 मैचों में 8 बार शून्य पर आउट हुए थे. वेस्टइंडीज के करिश्माई स्पिनर और ऑलराउंडर सुनील नरेन ने साल 2017 में 64 मैच खेलकर 8 बार डक का सामना किया. दिलचस्प बात यह है कि राशिद खान का नाम इस सूची में बार-बार आता है. उन्होंने 2021 में 53 मैचों में 8 डक और फिर 2022 में 66 मैचों में 8 डक बनाए. इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स (2023 में 42 मैच, 8 डक), जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा (2024 में 28 मैच, 8 डक), वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड (2025 में 75 मैच, 8 डक) और पाकिस्तान के सैम अय्यूब (2025 में 41 मैच, 8 डक) भी इस क्लब का हिस्सा रहे हैं.

अंतरराष्ट्रीय टी20 में भी अनचाहा रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय टी20 (T20I) मैचों की बात करें तो अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन वहां भी एक अनचाही बराबरी पर आकर खड़ा हो गया है. साल 2026 में अभिषेक ने भारत के लिए 27 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले हैं और इन 27 पारियों में वे 7 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं. दुनिया का कोई भी बल्लेबाज एक कैलेंडर वर्ष में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 से ज्यादा बार शून्य पर आउट नहीं हुआ है.

विश्व रिकॉर्ड की बराबरी पर 4 खिलाड़ी
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभिषेक अकेले इस शिखर पर नहीं हैं. वे इस अनचाहे रिकॉर्ड को रवांडा के दो खिलाड़ियों – ओरचाइड तुयिसेंगे और ज़ैपी बिमेनिमाना – तथा पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज सैम अय्यूब के साथ साझा कर रहे हैं. इन तीनों ही खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों के लिए खेलते हुए एक कैलेंडर वर्ष में 7-7 बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में शून्य का सामना किया था.



Source link