Last Updated:
भाजपा पार्षद प्रीतम ठाकुर के साथ मारपीट और उनकी कार पर पत्थर फेंकने का मामला सामने आया है. पार्षद के मुताबिक, गणेश उत्सव देखने के दौरान दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा किया और बैरनबाजार इलाके में कार रोककर हमला किया. उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
बीजेपी पार्षद शिकायत दर्ज करवाते हुए.
रायपुर. गणेश उत्सव देखने जा रहे भाजपा पार्षद प्रीतम ठाकुर पर अटकै हुआ. उनके साथ मारपीट का मामला सामने आया है. वार्ड-19 के भाजपा पार्षद प्रीतम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद उनके साथ लड़ाई की और उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके. घटना थाने के सामने होने का भी दावा किया गया है. पार्षद ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है. उन्होंने न्यूज18 हिंदी को बताया कि 2 अज्ञात बाइक सवारों ने पहले उनका पीछा किया और फिर कार पर पत्थरों से किया हमला.
पार्षद प्रीतम ठाकुर ने बताया कि वह गणेश उत्सव देखने के लिए गए थे. बाठिया नर्सिंग होम बैरनबाजार के पास कार रुकवाई और पत्थर मारे. इस बीच वहां कुछ लोग पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी. इतने में दोनों अज्ञात युवक फरार हो गए. इसके बाद पार्षद ने कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवाई.
प्रीतम ठाकुर का आरोप है कि हमलावर युवक नशे की हालत में थे. लड़कों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए हमला कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर उनकी गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए. उनके पास हथियार जैसी चीजें भी थीं. उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई और पूरे मामले की जानकारी दी गई.
पार्षद ने शहर में बढ़ते नशे और अपराध को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की हालत में युवक खुलेआम घूम रहे हैं और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति बन रही है. उनका कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि के साथ थाने के सामने इस तरह की घटना हो सकती है और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. प्रीतम ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शहर में कानून की धज्जियां उड़ रही हैं और ऐसे लोगों को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है. हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है.