खंडवा रेलवे स्टेशन का बदलेगा लुक, 2 साल में बनेगा 3 मंजिला कमर्शियल भवन, 18 एस्केलेटर और 21 लिफ्ट लगेंगी

खंडवा रेलवे स्टेशन का बदलेगा लुक, 2 साल में बनेगा 3 मंजिला कमर्शियल भवन, 18 एस्केलेटर और 21 लिफ्ट लगेंगी


Last Updated:

Khandwa Railway Station Redevelopment: खंडवा शहर के लिए रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट की बड़ी खबर सामने आई है. आने वाले समय में खंडवा रेलवे स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है. रेलवे विकास प्राधिकरण यानी आरएलडीए की ओर से स्टेशन का करीब 346.5 करोड़ रुपए की लागत से तीन चरणों में पुनर्विकास किया जाएगा. स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ यहां यात्रियों के लिए कई नई व्यवस्थाएं तैयार की जाएगी. इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 72 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. यह काम करीब दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है और निर्माण कंपनी की टीम रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 और सर्कुलेटिंग एरिया का सर्वे भी कर चुकी है. अब आने वाले करीब दो महीने में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है.

री-डेवलपमेंट के पहले चरण में प्लेटफार्म नंबर-1 पर रेलवे ऑफिस के साथ तीन मंजिला व्यावसायिक भवन तैयार किया जाएगा. इस भवन में यात्रियों की जरूरत को देखते हुए होटल, रेस्टोरेंट और दूसरी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएगी. इनमें से कुछ सुविधाएं निजी कंपनियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी. स्टेशन परिसर को सिर्फ ट्रेन पकड़ने की जगह के तौर पर नहीं, बल्कि आधुनिक यात्री सुविधाओं वाले परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके लिए स्टेशन के मौजूदा ढांचे में कई बड़े बदलाव किए जाएंगे.

स्टेशन के री-डेवलपमेंट में सबसे अहम बदलावों में से एक नया फुट ओवरब्रिज भी होगा. पहले चरण में प्लेटफार्म नंबर-1 से प्लेटफार्म नंबर-6 तक जाने के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा. फिलहाल प्लेटफार्म नंबर-1 से प्लेटफार्म नंबर-6 तक जाने के लिए सीधा एफओबी नहीं है. यात्रियों को सीढ़ियों वाले फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करना पड़ता है. इससे बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में परेशानी होती है. नए एफओबी के बनने के बाद यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

नए स्टेशन में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी. मौजूदा व्यवस्था की तुलना में स्टेशन पर 2 की जगह 18 एस्केलेटर और 3 की जगह 21 लिफ्ट लगाने की योजना है. इससे खासकर बुजुर्ग, दिव्यांग, बच्चों और ज्यादा सामान लेकर सफर करने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में आसानी होगी. प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएंगे, जिससे स्टेशन पर भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.

Add News18 as
Preferred Source on Google

री-डेवलपमेंट के बाद स्टेशन का पूरा क्षेत्र भी काफी बढ़ जाएगा. करीब 27 एकड़ में स्टेशन का विकास किया जाएगा. मौजूदा स्टेशन का क्षेत्रफल करीब 2,746 वर्ग मीटर है, जिसे बढ़ाकर करीब 32,916 वर्ग मीटर किया जाएगा. स्टेशन परिसर में करीब 6,130 वर्ग मीटर का रूफ प्लाजा भी विकसित करने की योजना है. यात्रियों के लिए बैठने, आने-जाने और दूसरी सुविधाओं को आधुनिक तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा.

नए स्टेशन के निर्माण में ऊर्जा की बचत का भी ध्यान रखा जाएगा. स्टेशन की इमारतों और प्लेटफार्म के यात्री शेड पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे. इससे स्टेशन पर बिजली की जरूरत का कुछ हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा करने में मदद मिलेगी. पुराने भवन को हटाने से पहले यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी. इसके बाद पुराने हिस्से को तोड़कर नए निर्माण का काम आगे बढ़ाया जाएगा.

खंडवा स्टेशन के पूरे री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की लागत करीब 346.5 करोड़ रुपए रखी गई है. इसे तीन चरणों में पूरा किया जाना है. पहले चरण में 72 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिसमें प्लेटफार्म नंबर-1, व्यावसायिक भवन और फुट ओवर ब्रिज समेत कई काम शामिल हैं. निर्माण कंपनी की ओर से सर्वे का काम किया जा चुका है. अब आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्राउंड पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 फरवरी 2024 को खंडवा समेत देश के 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी थी. इसके बाद डीपीआर और प्लान में तीन बार बदलाव होने के कारण टेंडर और ग्राउंड वर्क की प्रक्रिया में देरी हुई. अब प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है.खंडवा रेलवे स्टेशन सिर्फ जिले के यात्रियों के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा रेलवे जंक्शन है. यहां से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए ट्रेनें मिलती हैं. महाराष्ट्र की तरफ जाने और आने वाले यात्रियों के लिए भी खंडवा स्टेशन महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी देता है.

Local 18 से बातचीत में पूर्व रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य सुनील जैन बताते हैं कि खंडवा के लिए स्टेशन का यह री-डेवलपमेंट बड़ी सौगात है. उनका कहना है कि खंडवा का स्टेशन काफी महत्वपूर्ण जंक्शन है और यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से यात्री आते-जाते हैं. महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में यात्रियों की कनेक्टिविटी इस स्टेशन से जुड़ी हुई है. उनके मुताबिक स्टेशन के आधुनिक रूप में विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इसके साथ शहर के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है.

यानी आने वाले समय में खंडवा रेलवे स्टेशन सिर्फ पुराने भवन और प्लेटफार्मों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस नया स्टेशन शहर की पहचान का हिस्सा बन सकता है. 346.5 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट का काम पूरा होने के बाद खंडवा स्टेशन पर यात्रियों को पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है और शहर की तस्वीर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.



Source link