Last Updated:
आपकी जेब में भी कही यह वाला 500 का नोट है तो वह आपके लिए जिंदगी का सबसे बड़ा जंजाल बन सकता है. दिल्ली के गांधी नगर से शुरू हुए इस मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों को अरेस्ट किया है और कई अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. क्या है पूरा मामला, जानने के लिए पढ़ें आगे…
दिल्ली पुलिस ने फर्जी नोट के सिंडीकेट का भंडाफोड़ कर दो अरोपियों को अरेस्ट किया है. (एआई इमेज)
क्राइम न्यूज. एक बार आप भी अपना पर्स और जेब को एक बार अच्छी तरह से टटोल लें. कहीं आपकी जेब में भी 500 रुपए का वह नोट ना हो, जो जिंदगी का सबसे बड़ा जंजाल बन जाए. जी हां, इस मामले में दिल्ली में ही नहीं, बल्कि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बड़ा ऑपरेशन चल रहा है. अब तक की कार्रवाई में दो लोगों को अरेस्ट भी किया जा चुका है. अरेस्ट किए गए इन लोगों के पास से भी यही 500 रुपए के नोट बरामद किए गए थे. पहली गिरफ्तारी दिल्ली से हुई है, जबकि दूसरे आरोपी को बोधगया से अरेस्ट किया गया है.
दरअसल, यह पूरा मामला नकली नोटों के गोरखधंधे से जुड़ा हुआ है. दिल्ली पुलिस ने नकली नोट आप तक पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए दोनों गिरफ्तारियां की है. दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश के तौर पर हुई है. वहीं, बोधगया से आरोपी मेराज को अरेस्ट किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के कुल 187 नकली नोट बरामद हुए हैं. शुरुआती जांच में नेटवर्क के तार दिल्ली से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मालदा तक जुड़े होने की बात सामने आई है.
बैंक में जमा हुए 18 नकली नोटों से शुरू हुई जांच
इस मामले की शुरूआत दिल्ली के गांधी नगर इलाके से हुई थी. गांधी नगर के एक कारोबारी ने बैंग के 90 हजार रुपये जमा कराए थे. जांच के दौरान, बैंक ने 500 रुपये के 18 नोट नकली पाए गए. इसके बाद मामले की जानकारी गांधी नगर थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की. तफ्तीश के दौरान, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहले आरोपी मोहम्मद दानिश तक पहुंचने में कामयाब रही. पूछताछ में आरोपी दानिश ने बताया कि वह छोटी-छोटी खरीदारी के जरिए दुकानों पर नकली नोट चलाता था, ताकि उस पर किसी को शक न हो.
झारखंड से बोधगया तक पहुंची पुलिस
पूछताछ में दानिश ने पुलिस को बताया कि उसे नकली नोट झारखंड के चतरा से मिले थे. इसके बाद पुलिस की टीम पहले चतरा और फिर वहां से बोधगया पहुंच गई. स्थानीय पुलिस की मदद से बोधगया से मेराज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपी मेराज के कब्जे से 500 रुपये के 169 नकली नोट बरामद किए हैं. मेराज से पूछताछ के दौरान नकली नोटों की सप्लाई का कनेक्शन पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित कालिया चौक तक पहुंच गया. पुलिस को मामा उर्फ छोटू और ‘भैया जी’ नाम के संदिग्ध सप्लायरों के बारे में जानकारी मिली है. जिनकी तलाश जारी है.