Himachal Pradesh Truck Driver Neha Thakur Story: एयर होस्टेस की ट्रेनिंग छोड़कर बनीं ट्रक ड्राइवर, पढ़िए हिमाचल की बेटी नेहा ठाकुर की कहानी

Himachal Pradesh Truck Driver Neha Thakur Story: एयर होस्टेस की ट्रेनिंग छोड़कर बनीं ट्रक ड्राइवर, पढ़िए हिमाचल की बेटी नेहा ठाकुर की कहानी


Last Updated:

Himachal Pradesh Truck Driver Neha Thakur Story: एयर होस्टेस की ट्रेनिंग छोड़कर हिमाचल प्रदेश की पहली महिला ट्रक ड्राइवर बनने वाली नेहा ठाकुर की कहानी बेहद दिलचस्प है. मंडी की रहने वाली नेहा ठाकुर ने बचपन के शौक को अपना करियर बनाया और आज हाईवे पर अपनी अनूठी ड्राइविंग से सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. जानिए उन्होंने करियर बदलने का फैसला क्यों लिया.

Zoom

Truck Driver Neha Thakur Story: नेहा ठाकुर ने ट्रक चलाने के लिए एयर होस्टेस की ट्रेनिंग छोड़ दी

नई दिल्ली (Neha Thakur Story). जिंदगी हमेशा मनमुताबिक नहीं चलती. कई बार बचपन के शौक और जुनून हमें उन रास्तों पर ले जाते हैं, जिनके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की होती. हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पहाड़ों और घाटियों के बीच एक ऐसी ही अनोखी कहानी इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है. इसने रूढ़िवादी सोच और जेंडर बैरियर्स की हर दीवार को चकनाचूर कर दिया है. कॉरपोरेट जॉब्स या ग्लैमरस करियर की तरफ भागने वाले दौर में नेहा ठाकुर ने स्टीयरिंग थामकर इतिहास रच दिया है.

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से ताल्लुक रखने वाली नेहा ठाकुर ने वह कर दिखाया है, जो आम तौर पर लोगों के लिए कल्पना से परे होता है. बचपन से ही जिन बड़े-बड़े टायरों और भारी-भरकम ट्रकों को देखकर उनकी आंखें चमक उठती थीं, आज वही ट्रक उनकी पहचान और सपनों की उड़ान बन चुके हैं. प्रोफेशनल लाइफ की शुरुआत में उन्होंने आसमान की बुलंदियों को छूने यानी एयर होस्टेस बनने का सपना देखा था. इसके लिए चंडीगढ़ में ट्रेनिंग भी ली थी. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. पढ़िए मोटिवेशनल स्टोरी.

नेहा ठाकुर कौन हैं?

सोशल मीडिया पर हिमाचल प्रदेश की बेटी नेहा ठाकुर छाई हुई है. नेहा ठाकुर ने ग्लैमरस दुनिया की चमक-दमक को छोड़कर अपने पिता के नक्शेकदम पर चलना बेहतर समझा. इसीलिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश की पहली महिला ट्रक ड्राइवर बनकर नया मुकाम हासिल कर लिया.

पिता से मिला सबसे बड़ा हौसला

हर बच्चे के जीवन में उसके माता-पिता का बहुत प्रभाव होता है. नेहा ठाकुर के मामले में यह जुड़ाव कुछ अलग ही था. मंडी की वादियों में पली-बढ़ी नेहा के बचपन की यादें ट्रकों की गड़गड़ाहट और उनके पहियों के साथ जुड़ी हुई थीं. उनके पिता ट्रक चलाते थे और अक्सर उसी से उन्हें स्कूल भी छोड़ने जाते थे. पिता का काम करने का अंदाज और उनका संघर्ष नेहा के लिए प्रेरणा बन गया. 2022 में नेहा ने समाज की परवाह न करते हुए ट्रक ड्राइविंग का फैसला किया तो उनके पिता ने मजबूत ढाल बनकर उनका साथ दिया.

एयर होस्टेस की ट्रेनिंग से हाईवे के सफर तक का मोड़

जिंदगी में कई चौराहों पर हमें अपने रास्ते बदलने पड़ते हैं. ग्रेजुएशन के बाद नेहा ठाकुर ने चंडीगढ़ जाकर एयर होस्टेस की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली. वह आसमान की दुनिया में करियर बना सकती थीं. लेकिन पहाड़ों के रास्तों पर चलने की हसरत उन्हें बार-बार खींच लाती थी. ‘द बेटर इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लैमरस करियर के रास्ते को अलविदा कहकर नेहा ने अपनी असली खुशी और पैशन यानी ट्रक ड्राइविंग की दुनिया में आने का इरादा कर लिया. वह हिमाचल प्रदेश की पहली महिला ट्रक ड्राइवर के रूप में जानी जाती हैं.

हाईवे की रील्स ने सोशल मीडिया पर मचा दिया तहलका

डिजिटल दौर में हर कोई सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी की झलकियां शेयर करता है. ट्रक का इंजन स्टार्ट करते ही नेहा ठाकुर का भी कैमरा ऑन हो जाता है. बारिश के सुहाने मौसम, ऊंचे-नीचे पहाड़ और ट्रक में सामान की लोडिंग-अनलोडिंग उनके रोजाना के व्लॉग्स और रील्स का हिस्सा बन गए हैं. एक दिन उन्होंने ऐसे खतरनाक और कठिन रास्ते पर ट्रक चलाया जिससे ज्यादातर ड्राइवर कतराते हैं. यह वीडियो रातों-रात वायरल हो गया. लोग कम उम्र की इस लड़की का खौफमुक्त अंदाज देखकर हैरान रह गए.

ट्रेंड्स के पीछे नहीं, असली जिंदगी से बनाती हैं कंटेंट

लोग सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए ट्रेंड्स का सहारा लेते हैं. लेकिन नेहा ठाकुर अलग हैं. उन्हें किसी ट्रेंड को फॉलो करने की जरूरत नहीं है. हाईवे पर उनका हर दिन अपने आप में एक नई कहानी और नया कंटेंट लेकर आता है. हर सफर उन्हें नया अनुभव देता है, जिसे वह बेहद सादगी और कॉन्फिडेंस के साथ अपने दर्शकों के सामने रखती हैं. उनकी सादगी और निडरता लड़कियों के लिए मिसाल बन चुकी है कि कैसे अपने सपनों को पूरा करने के लिए समाज की बंदिशों को तोड़ा जा सकता है.



Source link