Last Updated:
साल 2005 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की मास्टरपीस ‘ब्लैक’ में आयशा कपूर ने छोटी मिशेल का दमदार किरदार निभाया था. अपनी अदाकारी से वह रातों-रात पॉपुलर हो गई थीं. अब आयशा कपूर ने 17 साल लंबे ब्रेक के बाद बॉलीवुड में धमाकेदार वापसी की है. उन्होंने बताया कि ‘ब्लैक’ की सफलता के बाद इंडस्ट्री के लोगों की तरह-तरह की बातों ने उनके करियर के फैसलों पर कैसा गहरा असर डाला था.
आयशा कपूर ने ‘ओम का हरि’ फिल्म से की बड़े पर्दे पर वापसी.
नई दिल्ली. एक्ट्रेस आयशा कपूर ने 10 साल की उम्र में अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘ब्लैक’ में छोटी मिशेल का किरदार निभाकर हर किसी को हैरान कर दिया था. अब वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचा रही हैं. लगभग 17 साल लंबे ब्रेक के बाद आयशा ने फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ओम का हरि’ से बॉलीवुड में कमबैक किया है. अब उन्होंने अपनी पुरानी इमेज को तोड़ने, नए किरदार चुनने और लाइफ में आए बड़े बदलावों पर खुलकर बात की है.
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में आयशा कपूर ने बताया कि साल 2009 में आई फिल्म ‘सिकंदर’ के बाद ‘ओम का हरि’ उनकी तीसरी फिल्म है. हालांकि, बीच में वह तमिल वेब सीरीज ‘स्वीट कारम कॉफी’ में नजर आई थीं. एक्टिंग में अपनी वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए आयशा ने कहा, ‘कैमरे के सामने फिर से लौटना मेरे लिए बेहद शानदार अहसास है. एक्टिंग मेरा पहला प्यार थी और हमेशा रहेगी. सेट पर काम करना, अपने किरदार को गढ़ना और पूरी टीम के साथ मिलकर काम करना मुझे बहुत पसंद है. बस उम्मीद है कि मुझे आगे भी ऐसे ही बेहतरीन काम करने और खुद को तराशने के मौके मिलते रहेंगे.’
आयशा कपूर के लिए ‘ब्लैक’ फिल्म बनी टर्निंग पॉइंट
संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘ब्लैक’ आयशा के करियर का सबसे बड़ा ब्रेक साबित हुई थी, जिसने उन्हें महज 11 साल की उम्र में फिल्मफेयर अवॉर्ड दिलाया था. इसके चार साल बाद वह परजान दस्तूर के साथ ‘सिकंदर’ में दिखीं और फिर उन्होंने एक्टिंग से 17 साल का लंबा ब्रेक ले लिया. आयशा का मानना है कि इस लंबे गैप ने उन्हें एक नया नजरिया दिया है. उन्होंने कहा, ‘इस ब्रेक का एक फायदा यह हुआ कि अब लोग मुझे ‘ब्लैक’ की उस छोटी बच्ची से अलग एक यंग एक्ट्रेस के रूप में देख पाएंगे. हालांकि, यह जानकर बहुत खुशी होती है कि लोग आज भी उस किरदार को अपने दिल में बसाए हुए हैं.’
अपनी पसंद के प्रोजेक्ट चुनती हैं आयशा कपूर
फिल्म ‘ब्लैक’ से मिली शोहरत पर बात करते हुए आयशा कपूर ने स्वीकार किया कि उस वक्त लोगों की बातें और सलाह उनके फैसलों को प्रभावित करती थीं. आयशा ने कहा, ‘उस दौर में बहुत से लोग मुझे लॉन्च करना चाहते थे. मैं बहुत छोटी थी और मुझे इन सब बातों का असली मतलब समझ नहीं आता था. आसपास के लोगों की बातें सुनकर मेरे फैसले प्रभावित हुए. लेकिन अब मैं इन चीजों से प्रभावित नहीं होती. अब मैं वही प्रोजेक्ट चुनती हूं, जिन्हें करने में मुझे मजा आता है और उन्हीं लोगों के साथ काम करती हूं जिनके साथ मेरी ट्यूनिंग बैठती है.’
सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘ओम का हरि’ मूवी
हरीश व्यास के निर्देशन में बनी पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘ओम का हरि’ 18 सितंबर, 2026 को रिलीज हो चुकी है. इसमें आयशा कपूर के साथ अंशुमन झा, रघुवीर यादव और सोनी राजदान जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है और दर्शक इसे खूब पसंद कर रहे हैं.