Last Updated:
Sasaram News: रोहतास में सस्ते मजदूर दिलाने का झांसा देकर यूपी से एक शख्स को बिहार बुलाया गया. उसे जंगल में बंधक बना लिया गया. आरोप है कि परिजनों से फिरौती मांगने के बाद उसे कैमूर पहाड़ी के जंगल में छिपाकर रखा गया था. मामला पुलिस तक पहुंचा तो साइबर टीम ने तकनीकी जांच के जरिए लोकेशन ट्रेस की. कुछ ही घंटों में अपहृत शख्स को सकुशल बरामद कर लिया.
रोहतास में मजदूर को बंधक बनाया.
सासारामः बिहार के रोहतास से सस्ते मजदूर लाना शख्स को भारी पड़ गया. झांसा देकर एक मजदूर सप्लायर को जंगल में बंधक बनाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कानपुर के रहने वाले विवेक अवस्थी को नौहट्टा बुलाकर कुछ लोगों ने बंधक बना लिया. इसके बाद उसे एक अन्य मजदूर के साथ कैमूर पहाड़ी के जंगल में ले जाकर रखा गया. परिजनों से फिरौती मांगी गई. मामला पुलिस तक पहुंचते ही साइबर टीम सक्रिय हुई. जंगल में छिपाकर रखे गए विवेक को सकुशल बरामद कर लिया गया.
विवेक अवस्थी गुजरात में रहकर मजदूर सप्लाई का काम करता है. पुलिस के मुताबिक, नौहट्टा निवासी विजय उरांव ने उसे सस्ते दर पर मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देकर नौहट्टा बुलाया था. विवेक को उम्मीद थी कि यहां से उसे मजदूर मिल जाएंगे, लेकिन आरोप है कि नौहट्टा पहुंचने के बाद उसे बंधक बना लिया गया. इसके बाद विवेक को एक अन्य मजदूर के साथ कैमूर पहाड़ी के जंगल में ले जाया गया. आरोप है कि दोनों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें जंगल में छिपा दिया गया. इसी दौरान विवेक के परिजनों को फोन कर फिरौती की मांग की जाने लगी.
जंगल में बनाकर रखा था बंधक
फिरौती की कॉल मिलने के बाद मामला रोहतास पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर नेटवर्क के जरिए जांच शुरू की. मोबाइल और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि विवेक को कैमूर जिले के लोहरा थाना क्षेत्र के गुल्लू के पास जंगल में रखा गया है. इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान विजय उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से विवेक अवस्थी को सकुशल बरामद कर लिया.
कम कीमत में मजदूर दिलाने का दिया था लालच
साइबर डीएसपी गौरव यादव ने बताया कि विवेक को विजय उरांव ने ही मजदूर दिलाने का झांसा देकर बुलाया था. इसके बाद उसे बंधक बनाकर जंगल में रखा गया और परिजनों से फिरौती मांगी गई. पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी जांच के जरिए अपहृत को बरामद कर लिया. पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है. गिरफ्तार विजय उरांव से पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.