वैशाली पुलिस का ऑपरेशन नीलकंठ: टीवी खोला तो निकली नशे की खेप! LED के अंदर छिपाकर ला रहे थे हेरोइन, 4 गिरफ्तार

वैशाली पुलिस का ऑपरेशन नीलकंठ: टीवी खोला तो निकली नशे की खेप! LED के अंदर छिपाकर ला रहे थे हेरोइन, 4 गिरफ्तार


Last Updated:

Vaishali Police Operation Neelkanth: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस ने लाखों के ब्राउन शुगर के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह कि स्मगलर एलईडी टीवी के अंदर ब्राउन शुगर छुपा कर ला रहे थे. बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस अब बरामद मोबाइल और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस खेप के पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

वैशाली सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने हेरोइन तस्करी की जानकारी साझा की.

हाजीपुर. एलईडी टीवी देखकर शायद ही किसी को शक हो कि इसके अंदर नशे की खेप छिपी हो सकती है. लेकिन वैशाली के चकमकरंद हॉल्ट पर पुलिस ने जब एक एलईडी टीवी को खोलकर देखा तो उसके अंदर पैकेटों में छिपाई गई 71.75 ग्राम हेरोइन मिली. पुलिस ने ट्रेन से उतरते ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अगरतला से मादक पदार्थ लेकर बिदुपुर में सप्लाई करने जा रहे थे. यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत की गई.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल के मुताबिक, औद्योगिक थाना पुलिस को मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से इनपुट मिला था. सूचना थी कि कुछ तस्कर ट्रेन से मादक पदार्थ की खेप लेकर चकमकरंद हॉल्ट पर उतरने वाले हैं. इसके बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम तैयार की गई. पुलिस टीम ने चकमकरंद हॉल्ट पर घेराबंदी कर दी. जैसे ही ट्रेन वहां पहुंची और चारों संदिग्ध नीचे उतरे, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.

LED टीवी के अंदर छिपी थी नशे की खेप

तलाशी के दौरान पुलिस को एक एलईडी टीवी मिला. पहली नजर में यह सामान्य टीवी जैसा ही था, लेकिन पुलिस को शक हुआ तो उसे खोलकर देखा गया. टीवी के अंदर से पांच पैकेट बरामद हुए. जांच में इन पैकेटों में 71.75 ग्राम हेरोइन होने की पुष्टि हुई. पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. अब इन मोबाइल और बरामद मादक पदार्थ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.

अगरतला से लाकर बिदुपुर में सप्लाई की तैयारी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मादक पदार्थ अगरतला, त्रिपुरा से लाया जा रहा था और इसे बिदुपुर इलाके में खपाया जाना था. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि खेप किससे ली गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. चारों आरोपी वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस इनके पुराने रिकॉर्ड और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है.

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

बता दें कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है. कुछ दिन पहले जिले में स्कूली बैग के जरिए करीब 38 किलो गांजा ले जाने के मामले में भी पांच लोगों को पकड़ा गया था. इस मामले में औद्योगिक थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है.



Source link