‘राहुल गांधी स्टैंड-अप कॉमेडियन बन जाएं’, देवेंद्र फडणवीस ने कसा तीखा तंज, बेरोजगार हो गई कांग्रेस

‘राहुल गांधी स्टैंड-अप कॉमेडियन बन जाएं’, देवेंद्र फडणवीस ने कसा तीखा तंज, बेरोजगार हो गई कांग्रेस


Last Updated:

देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोलते हुए उन्हें राजनीति छोड़कर कॉमेडी की दुनिया में जाने की सलाह दे डाली है. इंदौर के एक कार्यक्रम में पीएम मोदी की कथित नकल उतारने पर भड़के फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह मंचों पर मिमिक्री कर रहे हैं, बेहतर होगा कि वे स्टैंड-अप कॉमेडियन बन जाएं, इससे कम से कम उन्हें कोई काम तो मिल जाएगा.

Zoom

देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है. (फाइल फोटो)

नागपुर. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को पार्टी छोड़कर ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ बन जाना चाहिए. फडणवीस ने राहुल गांधी द्वारा एक दिन पहले इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कथित रूप से मजाक उड़ाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “जिस तरह से राहुल गांधी नकल कर रहे हैं, मुझे लगता है कि उन्हें पार्टी छोड़कर ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ बन जाना चाहिए.” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की वजह से कांग्रेस ‘बेरोजगार’ हो गई है इसलिए अगर वह हास्य कलाकार बनने का विकल्प चुनते हैं तो कम से कम उन्हें कुछ काम मिल जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग विशिष्ट यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने को लेकर दुष्प्रचार फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. मुंबई में पेट्रोल पंप संचालकों ने कथित तौर पर धमकी दी है कि अगर सरकार संशोधित ‘मर्चेंट डिस्काउंट रेट’ (एमडीआर) को वापस नहीं लेती है तो वे 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान स्वीकार करना बंद कर देंगे. फडणवीस ने इस मांग के बारे में पूछे जाने पर कहा कि इस तरह का रुख अपनाना उचित नहीं है क्योंकि यूपीआई ने उनके कारोबार का विस्तार किया है. उन्होंने कहा, “पेट्रोल पंपों के लेनदेन अब पारदर्शी हो गए हैं और लोग भी बड़े पैमाने पर यूपीआई का इस्तेमाल कर रहे हैं. बहुत मामूली शुल्क लगाया गया है.”

फडणवीस ने कहा कि एमडीआर लगाने की सिफारिश करने वाली संसद की समिति में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और कांग्रेस के तीन अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे. उन्होंने कहा, “सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क सभी लेनदेन पर लागू नहीं होगा, बल्कि केवल कुछ निर्धारित लेनदेन पर लगाया जाएगा. लेकिन इसे लेकर दुष्प्रचार फैलाने की कोशिश की जा रही है.” मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरा मानना है कि सभी को यह समझना चाहिए कि व्यापार को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार कम करने में यूपीआई तथा डिजिटल लेनदेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. लागत की भरपाई के लिए बहुत मामूली शुल्क लगाना उचित है और पेट्रोल पंप मालिकों तथा व्यापारियों को इसका विरोध नहीं करना चाहिए.”



Source link