मैदा नहीं सूजी से बनाएं क्रिस्पी बर्गर, आलू और सब्जियों की स्टफिंग से बनता है ये टेस्टी नाश्ता

मैदा नहीं सूजी से बनाएं क्रिस्पी बर्गर, आलू और सब्जियों की स्टफिंग से बनता है ये टेस्टी नाश्ता


Last Updated:

Suji Burger Recipe: कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने घर पर कम सामग्री में सूजी का क्रिस्पी बर्गर बनाने की आसान विधि साझा की है. इसमें ब्रेड की जगह सूजी से बेस तैयार किया जाता है. सूजी को पानी और जीरे के साथ पकाकर ठंडा किया जाता है. इसके बाद इसे गूंथकर गोल बेस बनाया जाता है. स्टफिंग के लिए उबले आलू के साथ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और स्वीट कॉर्न का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें नमक और कई मसाले मिलाए जाते हैं.

कोडरमा: अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर ऊब चुके हैं और घर पर कम सामग्री में कुछ स्वादिष्ट और अलग बनाना चाहते हैं, तो सूजी का बर्गर एक अच्छा विकल्प है. इसे ब्रेड के बजाय सूजी से तैयार किया जाता है. इसमें आलू के साथ कई तरह की सब्जियों की स्वादिष्ट स्टफिंग भरी जाती है. कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने सूजी का बर्गर बनाने की आसान विधि साझा की है.

ऐसे तैयार करें सूजी का बेस
राधिका ने बताया कि सबसे पहले एक पैन को गर्म कर उसमें थोड़ा सा सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें थोड़ा जीरा डालें. जीरा तड़कने के बाद इसमें करीब दो कप पानी डालें. अब इसमें एक कटोरी सूजी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. सूजी को लगातार चलाते हुए पकाएं. इससे इसमें गांठ नहीं पड़ेगी. जब सूजी अच्छी तरह पक जाए और उसका पानी पूरी तरह सूख जाए, तो गैस बंद कर दें. अब तैयार सूजी को दूसरे बर्तन में निकालकर कुछ देर ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसमें करीब 2 से 3 चम्मच तेल डालें और कुछ देर के लिए छोड़ दें. इसके बाद सूजी को हाथों की मदद से अच्छी तरह आटे की तरह गूंथ लें.

सब्जियों से तैयार करें स्वादिष्ट स्टफिंग
इसेक बाद अब चकले पर थोड़ा तेल लगाकर सूजी के मिश्रण को फैलाएं. हाथों की सहायता से इसे एक समान मोटाई में फैलाएं. इसके बाद किसी गोल आकार की कटोरी या ढक्कन की मदद से इसे गोल आकार में काट लें. इस तरह बर्गर के लिए सूजी के बेस तैयार हो जाएंगे. अब बर्गर के अंदर भरने के लिए आलू की स्टफिंग तैयार करें. इसके लिए सबसे पहले आलू को उबाल लें. इसके बाद टमाटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, प्याज और थोड़े से स्वीट कॉर्न को बारीक काटकर अलग रख लें.

मिश्रण से तैयार करें आलू की टिक्की
इस पूरे प्रॉसेस के बाद अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, टमाटर और स्वीट कॉर्न डालकर अच्छी तरह पकाएं. सब्जियों को हल्का ब्राउन होने तक भूनें. इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए जीरा पाउडर, गोलकी पाउडर, लाल मिर्च, थोड़े चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर पकाएं. इसके बाद उबले हुए आलू को इसमें मिलाएं और पूरे मिश्रण को अच्छी तरह भून लें. तैयार आलू-सब्जी की स्टफिंग को कुछ देर ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसकी गोल-गोल टिक्की बना लें.

ऐसे तैयार होगा क्रिस्पी सूजी बर्गर
अब सूजी से तैयार किए गए गोल बेस के ऊपर आलू की टिक्की रखें. इसके ऊपर थोड़ा ओरिगैनो और चिली फ्लेक्स डालें. इसके बाद दूसरे सूजी बेस से इसे ढक दें. किनारों को हल्के हाथ से दबा दें, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले. अब एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल डालें. तैयार सूजी बर्गर को पैन में रखें और दोनों तरफ से सेंकें. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा तेल डालते रहें. बर्गर को तब तक पकाएं, जब तक दोनों तरफ से इसका रंग हल्का ब्राउन और सतह क्रिस्पी न हो जाए.



Source link