भारतीय मेंस हॉकी टीम की एशियन गेम्स में धमाकेदार आगाज, इंडोनेशिया को 13-1 से हराया

भारतीय मेंस हॉकी टीम की एशियन गेम्स में धमाकेदार आगाज, इंडोनेशिया को 13-1 से हराया


नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस हॉकी टीम की शुरुआत धमाकेदार हुई है. टीम ने अपने पहले मैच में इंडोनेशिया के खिलाफ 13-1 से जीत हासिल की. इस तरह पूल ए में टीम इंडिया ने शानदार विजयी आगाज किया. भारत की इस जीत स्ट्राइकल दिलप्रीत सिंह हीरो रहे, जिन्होंने चार गोल दागे. दिलप्रीत (18वें, 19वें, 37वें और 49वें मिनट) ने चार फील्ड गोल किए, जबकि शिलानंद लाकड़ा (6वें और 35वें मिनट) और सुखजीत सिंह (38वें और 48वें मिनट) ने दो-दो गोल दागे.

गोल करने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में अभिषेक (12वें मिनट), राजिंदर सिंह (19वें मिनट), मनदीप सिंह (21वें मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (28वें मिनट) और जुगराज सिंह (47वें मिनट) शामिल थे. इंडोनेशिया की तरफ से एकमात्र गोल औलिया अल अर्द्ध ने 33वें मिनट में किया.

भारतीय टीम का दूसरा मैच मंगलवार को श्रीलंका से

भारत मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगा. हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा था कि भारतीय टीमें एशियाई खेलों में अपनी पारंपरिक नीली पोशाक पहनेंगी, लेकिन पुरुष और महिला दोनों टीमों ने केसरिया रंग की पोशाक ही पहनी, जिसे उन्होंने हाल ही में नीदरलैंड और बेल्जियम में हुए विश्व कप के दौरान पहली बार पहना था.

भारत ने आक्रामक शुरुआत की. खेल के छठे मिनट में कप्तान हरमनप्रीत के ड्रैग फ्लिक को इंडोनेशिया के गोलकीपर आलम फजर ने बचा दिया लेकिन लाकड़ा ने रिबाउंड पर गोल कर दिया. भारत ने गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और खेल के अधिकांश हिस्से में दबदबा कायम रखा. अभिषेक ने 12वें मिनट में शुरुआती शॉट को इंडोनेशियाई गोलकीपर द्वारा बचाए जाने के बाद रिबाउंड पर गोल करके बढ़त को दोगुना कर दिया.

पूरे मैच में टीम इंडिया के लिए छाए रहे दिलप्रीत सिंह

दिलप्रीत ने 18वें मिनट में अभिषेक की मदद से गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया. इसके एक मिनट बाद दिलप्रीत ने सुखजीत सिंह के दूर वाले पोस्ट से दिए गए पास को गोल में बदला. कुछ ही सेकंड बाद राजिंदर ने सुखजीत की मदद से गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया. इसके महज दो मिनट बाद मनदीप ने एक और फील्ड गोल दाग दिया.

भारत ने इंडोनेशियाई डिफेंडर पर दबाव बनाए रखा और 27वें मिनट में पेनल्टी हासिल की जब रिबाउंड पर स्कोर करने की कोशिश करते समय मनप्रीत सिंह को ‘डी’ के अंदर फाउल किया गया. लेकिन हरमनप्रीत का प्रयास इंडोनेशियाई गोलकीपर फजर ने नाकाम कर दिया. लेकिन हरमनप्रीत ने अगले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को हाफ-टाइम तक 7-0 की बढ़त दिला दी. दूसरे हाफ के शुरू में इंडोनेशिया ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे अल अर्द्ध ने गोल में बदला. लेकिन भारत ने अपना दबदबा बरकरार रखा और राजिंदर से मिले सटीक पास पर शिलानंद ने अपना दूसरा गोल दागा.

सुखजीत और दिलप्रीत में दिखी बेहतरीन जुगलबंदी

दिलप्रीत एक बार फिर सही समय पर सही जगह पर मौजूद थे. इंडोनेशिया के गोलकीपर के शुरुआती शॉट को रोके जाने के बाद उन्होंने गेंद को गोल में धकेलकर अपने नाम हैट्रिक दर्ज की. कुछ ही सेकंड बाद सुखजीत ने भी फील्ड गोल कर दिया. इसके बाद 47वें मिनट में जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और एक मिनट बाद ही सुखजीत ने अपना दूसरा फील्ड गोल किया. दिलप्रीत ने एक मिनट बाद अपना चौथा गोल दागकर भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की.



Source link