रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
Indore News: इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित हुआ. इस कार्यक्रम के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बीजेपी की सरकार पर जमकर निशाना साधा. पटवारी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को पूरी तरह ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि युवाओं ने इस कार्यक्रम में अकल्पनीय साथ दिया है. इंदौर में लाखों की संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए. पटवारी के अनुसार, यह शहर की तासीर को दिखाता है. अब छात्रों की समस्याओं को लेकर पूरे देश में एक नई बहस शुरू हो गई है.
हर जिले में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
जीतू पटवारी ने एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब सिर्फ इंदौर तक ही सीमित नहीं रहेगा. मध्य प्रदेश के हर जिले में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने यह भी साफ किया कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के बैनर से पहले छात्रों और उनके अभिभावकों के बैनर तले आयोजित होगा. पटवारी ने प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि अगर किसी के इशारे पर कार्रवाई हुई है, तो आगे के राजनीतिक कार्यक्रमों में पैसे जमा करवाने की व्यवस्था की जाए.
मिमिक्री आर्टिस्ट और मंच के छात्रों पर सफाई
कार्यक्रम में मिमिक्री आर्टिस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. इस विवाद पर जीतू पटवारी ने अपनी सफाई दी. उन्होंने कहा कि मिमिक्री आर्टिस्ट लोगों के केवल मनोरंजन का माध्यम होता है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी की भी भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था.
मंच पर मौजूद छात्रों को लेकर भी कई सवाल उठाए गए थे. इस पर पटवारी ने कहा कि यह देखा जाना चाहिए कि मंच पर मिले छात्र वास्तव में छात्र थे या नहीं. हालांकि, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाए गए या नहीं.
कांग्रेस पास कराएगी महिला आरक्षण बिल
जीतू पटवारी ने रोजगार के मुद्दे पर चीन का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि चीन जितनी नौकरियां दे रहा है, भारत उसका एक प्रतिशत भी नहीं दे रहा है. महिला आरक्षण के सवाल पर पटवारी ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाना चाहिए. उन्हें महिला आरक्षण बिल लाना चाहिए और कांग्रेस पार्टी उसे पास करवाएगी.
बीजेपी ने किया हमारा प्रचार
इसके अलावा दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव के नतीजों पर भी उन्होंने बात रखी. उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम कुछ भी हो, लेकिन छात्रों के मुद्दों पर सवाल उठाना बिल्कुल भी गलत नहीं है. बीजेपी द्वारा लगाए गए पोस्टरों पर पटवारी ने तंज कसा. उन्होंने बीजेपी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके पोस्टरों से कांग्रेस का ही प्रचार हुआ है.
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का पलटवार
राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी बीजेपी पर करारा पलटवार किया. मिमिक्री पर बोलते हुए वर्मा ने कहा कि इसका उद्देश्य देश की माताओं या किसी की भावनाओं का अपमान करना नहीं था. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों और उनके जन्मदिन के आयोजनों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मिमिक्री करना कोई अपराध नहीं है. पुलिस अफसर के साथ हुए विवाद पर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मंच पर राहुल गांधी की टीम और पुलिस अधिकारी के बीच बहस हुई थी.
कई सिंघम आए और चले गए
उन्होंने आरोप लगाया कि एक अधिकारी खुद को ‘सिंघम’ समझते हुए मंच पर पहुंच गया था. उस अधिकारी ने राहुल गांधी की टीम से विवाद किया. सज्जन वर्मा ने कहा कि अधिकारियों को समझना चाहिए कि सरकारें आती-जाती रहती हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘यह उसके बाप का कार्यक्रम था क्या? यह राहुल गांधी का कार्यक्रम था. यह इंदौर है प्यारे, कई सिंघम आए और चले गए’.