Sampark Kranti Express: भारतीय रेलवे हमारे देश की लाइफलाइन है. रोजाना करोड़ों की संख्या में लोग पटरियों के सफर पर निकलते हैं. भारतीय रेल के इतिहास में ट्रेनों की कुछ ऐसी खास कैटिगरी हैं, जिन्हें एक खास मकसद के साथ लॉन्च किया गया था. ऐसी ही एक बेहद लोकप्रिय और महत्वपूर्ण ट्रेन सीरीज है, जिसका नाम है संपर्क क्रांति एक्सप्रेस. अगर आप ट्रेन से सफर करते हों और खासतौर पर दिल्ली से होकर आना-जाना होता हो तो फिर संपर्क क्रांति का नाम कभी ना कभी जरूर सुना होगा. ये कैसी ट्रेन है और इसको शुरू करने का मकसद क्या रहा? बाकी ट्रेन से ये अलग कैसे है? आइए इसके बारे में समझते हैं.
संपर्क क्रांति ट्रेन को ऐसे समझ सकते हैं कि ये यानी राज्यों और बड़े शहरों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से तेज स्पीड, कम हॉल्ट वाली सुपरफास्ट रेल सेवा के जरिए जोड़ने की रेलवे की योजना थी. इसकी शुरुआत 2004 में हुई और जो बाद में कई सारे ट्रेनों की सीरीज बन गई. देश की राजधानी को अलग-अलग राज्यों के दूर-दराज के कोनों से जोड़ने वाली इस ट्रेन है.
संपर्क क्रांति ट्रेन क्या है?
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की तरफ से चलाई जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों की एक सीरीज है. इन ट्रेनों की खासियत यह है कि ये देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों या प्रमुख शहरों को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से बहुत कम स्टॉपेज के साथ जोड़ती हैं, ताकि सफर का समय कम से कम हो सके.
इसकी शुरुआत कब और क्यों हुई?
संपर्क क्रांति ट्रेनों की शुरुआत साल 2004-2005 के रेल बजट के दौरान की गई थी. इसकी घोषणा तत्कालीन रेल मंत्री रहे नीतीश कुमार की तरफ से की गई थी ताकि चुनिंदा रूटों पर कनेक्टिविटी को क्रांतिकारी रफ्तार दी जा सके. दरअसल दिल्ली से कनेक्ट करने वाली राजधानी एक्सप्रेस का किराया आम आदमी के लिए कई बार बहुत महंगा साबित होता है.
ऐसे में, सरकार का मकसद एक ऐसी ट्रेन सेवा शुरू करना था जो राजधानी एक्सप्रेस जैसी तेज रफ्तार और कम स्टॉपेज वाली सुविधा दे, लेकिन उसका किराया सामान्य सुपरफास्ट ट्रेनों के आसपास किफायती हो. इसका इरादा देश के दूर-दराज के राज्यों के पैसेंजर्स को सीधे दिल्ली से कम समय में जोड़ना था.
इन ट्रेनों की खासियत क्या है?
- कम स्टॉपेज: ये ट्रेनें सामान्य एक्सप्रेस गाड़ियों की तरह हर छोटे स्टेशन पर नहीं रुकती हैं, जिससे समय की भारी बचत होती है.
- प्रायॉरिटी: सुपरफास्ट श्रेणी में आने के कारण इन्हें पटरियों पर मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों के मुकाबले अच्छी प्राथमिकता मिलती है.
- कोच कंपोजिशन: इनमें स्लीपर के साथ ही साथ थर्ड एसी (3AC), सेकंड एसी (2AC) और फर्स्ट एसी (1AC) के आधुनिक LHB या ICF कोच लगाए जाते हैं, जिससे लंबी दूरी का सफर आरामदायक बनता है.
राजधानी एक्सप्रेस से संपर्क क्रांति में क्या अंतर है?
अगर साफ सरल भाषा में समझें तो राजधानी एक्सप्रेस का जोर तेज या फिर मुख्य तौर पर AC की यात्रा पर था, जबकि संपर्क क्रांति का उद्देश्य राजधानी से राज्यों तक तेज कनेक्टिविटी को पैसेंजर्स की बड़ी कैटिगरी तक पहुंचाना था. संपर्क क्रांति में AC के साथ स्लीपर और कई सेवाओं में जनरल कोच भी मिलते हैं.
कितने तरह की हैं संपर्क क्रांति ट्रेनें?
शुरुआत में कई रूटों पर यह ट्रेनें उतारी गईं. वर्तमान में देश के अलग-अलग कोनों से दिल्ली के लिए दर्जनों संपर्क क्रांति ट्रेनें चल रही हैं. यहां प्रमुख संपर्क क्रांति ट्रेनों की सूची दी गई है.
यहां गौरतलब है कि नई दिल्ली इन ट्रेनों का मुख्य कनेक्टिंग हब रही है लेकिन अलग-अलग संपर्क क्रांति ट्रेनें देश के अलग-अलग हिस्सों तक जाती हैं. इनका कोई एक कॉमन रूट नहीं है. रेलवे के मौजूदा रूटों में कुछ सेवाओं के टर्मिनल और रूट समय के साथ बदले हैं, इसलिए शुरुआती स्टेशन और मौजूदा स्टेशन में अंतर मिल सकता है. उदाहरण के लिए, पश्चिम बंगाल संपर्क क्रांति अब सियालदह–आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलती है.
| क्र. | संपर्क क्रांति ट्रेन | रूट |
|---|---|---|
| 1 | बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | दरभंगा → समस्तीपुर → गोरखपुर → नई दिल्ली |
| 2 | उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | श्री माता वैष्णो देवी कटरा → नई दिल्ली |
| 3 | मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | जबलपुर → हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली |
| 4 | कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | यशवंतपुर, बेंगलुरु → हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली |
| 5 | गुजरात संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | अहमदाबाद → हजरत निजामुद्दीन |
| 6 | राजस्थान संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | जोधपुर → सराय रोहिल्ला, दिल्ली |
| 7 | महाराष्ट्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | बांद्रा टर्मिनस, मुंबई → हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली |
| 8 | उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | खजुराहो/मानिकपुर → हजरत निजामुद्दीन |
| 9 | उत्तराखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | काठगोदाम/रामनगर → पुरानी दिल्ली |
| 10 | गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | मडगांव, गोवा → चंडीगढ़ |
| 11 | पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | सिलचर, असम → नई दिल्ली |
| 12 | केरल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | तिरुवनंतपुरम → चंडीगढ़ |
| 13 | तमिलनाडु संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | मदुरै → हजरत निजामुद्दीन |
| 14 | छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस | दुर्ग → हजरत निजामुद्दीन |