दुबग्गा बाईपास पर डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, धू-धूकर जली
लखनऊ के दुबग्गा बाईपास पर शनिवार को हादसे के बाद रोडवेज बस में आग लग गई. बताया जा रहा है कि बस डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग भड़क उठी. हादसे के वक्त बस में सिर्फ ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद थे. आग लगते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल गए. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस जलकर राख हो गई. मामला दुबग्गा थाना क्षेत्र का है.
दो दिन से लापता 12 वर्षीय किशोर का तालाब में मिला शव, गांव में मची सनसनी
बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर गंगा उर्फ सराय में घर से दो दिन पहले लापता हुए 12 वर्षीय किशोर का शव तालाब में मिला. शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने दो दिन पहले किशोर की गुमशुदगी दर्ज की थी. अब तालाब से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
घर में खाना खा रहे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
शाहजहांपुर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के ख्वाजा फिरोज में देर रात घर में बैठे खाना खा रहे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया. आरोप है कि पड़ोसी शीबू खान ने घर में घुसकर नीरज त्रिवेदी पर कई बार चाकू से वार किए. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले भी नीरज को घर में घुसकर मारने की धमकी दी थी. हमले में नीरज त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की हैं और मामले की जांच की जा रही है.
फास्ट फूड और रेस्टोरेंट पर बड़ी कार्रवाई, 233 प्रतिष्ठानों की जांच; फंगस-चूहे से लेकर एक्सपायर्ड नॉनवेज तक मिला
लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ा जांच अभियान चलाया. 152 टीमों ने कुल 233 प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान कमियां मिलने पर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं वाले प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस निलंबन और बंद कराने की कार्रवाई शुरू की गई. लखनऊ में 52 टीमों ने 78 प्रतिष्ठानों की जांच की. यहां 42 सुधार नोटिस दिए गए. कई जगह स्वच्छता, ड्रेनेज, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कच्चे-पके भोजन को अलग रखने में खामियां मिलीं. कुछ प्रतिष्ठानों में फंगस, दुर्गंध, ग्रेवी कंटेमिनेशन और वाटर लॉगिंग जैसी गंभीर कमियां भी सामने आईं. नोएडा में 57 टीमों ने 71 प्रतिष्ठानों की जांच कर 42 नोटिस जारी किए. यहां रसोई में फंगस, चूहों की मौजूदगी, गंदगी और एक्सपायर्ड नॉनवेज मिलने की बात सामने आई. 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है. वहीं, गोरखपुर में 43 टीमों ने 84 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 79 सुधार नोटिस जारी किए.
सर्राफा दुकानदार को बातों में उलझाकर लाखों की ठगी, सोने के आभूषण लेकर फरार हुआ ठग
बिजनौर: थाना नगीना क्षेत्र के सरायमीर में एक सर्राफा दुकानदार से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक ठग दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.
अलीगंज में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों की ठगी का आरोप
लखनऊ: अलीगंज में पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है. मौके से कॉल सेंटर में काम करने वाले 12 युवक और 4 युवतियों को हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी की जा रही थी. पुलिस ने कॉल सेंटर से ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किए हैं. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम के बारे में जानकारी जुटा रही है.
गोरखपुर में विनोद तावड़े ने संजय निषाद से की मुलाकात, संगठन और आगामी रणनीति पर चर्चा
गोरखपुर: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने गोरखपुर स्थित निषाद पार्टी कार्यालय पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद से मुलाकात की. बैठक के दौरान भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय भी मौजूद रहे. मुलाकात में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई. भाजपा और निषाद पार्टी के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया. विनोद तावड़े इन दिनों गोरखपुर दौरे पर हैं और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं.
18 दिन से लापता पप्पू नबी की बोरे में बंद लाश मिली, पत्नी पर प्रेमी संग हत्या का आरोप
बरेली: भुता थाना क्षेत्र के फैजनगर गांव में 18 दिन से लापता करीब 60 वर्षीय पप्पू नबी की बोरे में बंद लाश मिलने से सनसनी फैल गई. शव मिर्जापुर रोड किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया. पप्पू 11 सितंबर से लापता थे, जबकि उनकी पत्नी नरगिस ने 15 सितंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस के मुताबिक, जांच में पत्नी नरगिस के 25 वर्षीय रियाज उर्फ राजा के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. आरोप है कि नरगिस ने रियाज के साथ मिलकर पप्पू की हत्या की और शव को बोरे में बंद कर झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.
₹1.38 लाख में महिला को बेचकर हरियाणा में कराई जबरन शादी, मध्यस्थकर्ता गिरफ्तार
बांदा: मानव तस्करी से जुड़े मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने एक मध्यस्थकर्ता को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान प्रेमचन्दर पुत्र लल्लू के रूप में हुई है, जो बबेरू थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव का रहने वाला है. चित्रकूट निवासी महिला ने आरोप लगाया था कि परिजनों ने उसे 1.38 लाख रुपये में हरियाणा के एक व्यक्ति को बेच दिया और जबरन शादी करा दी. पीड़िता का आरोप है कि पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसकी दूसरी शादी कराई गई. इस मामले में हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं. अब पुलिस मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और उसकी कड़ियों की जांच कर रही है. मामला बबेरू थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव का है.
लखनऊ में पार्किंग शुल्क के बड़े अंतर पर हाईकोर्ट सख्त, LDA से मांगा जवाब
लखनऊ: राजधानी में दोपहिया वाहनों की पार्किंग फीस में भारी अंतर के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) से जवाब मांगा है. कोर्ट ने पूछा है कि पार्किंग शुल्क, खासकर मासिक शुल्क तय करने के लिए LDA किन मानकों और आधारों को अपनाता है. जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान याची ने बताया कि मेट्रो स्टेशन के पास LDA की पार्किंग में दोपहिया वाहन का मासिक शुल्क 250 रुपये लिया जा रहा है, जबकि फिनिक्स मॉल में इसी तरह की पार्किंग के लिए 300 रुपये प्रतिमाह शुल्क है. वहीं, याचिका में संबंधित एक अन्य पार्किंग स्थल का मासिक शुल्क 1,200 रुपये निर्धारित किए जाने पर सवाल उठाया गया है. याची ने पार्किंग शुल्क में इतने बड़े अंतर को लेकर तर्कसंगत आधार पर सवाल उठाया है. हाईकोर्ट ने LDA को प्रति शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 26 अक्टूबर को होगी.