Sheohar News: प्रेम कहानी से खफा परिवार ने रची खूनी साजिश? शिवहर में युवक की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

Sheohar News: प्रेम कहानी से खफा परिवार ने रची खूनी साजिश? शिवहर में युवक की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार


Last Updated:

Sheohar Crime News: बिहार के शिवहर जिले से ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रेम प्रसंग में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि युवती के परिजनों ने युवक को छल से घर बुलाया और फिर धारदार हथियार, लोहे के रॉड और ईंट-पत्थर से हमला कर मार डाला. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

प्रतीकात्मक तस्वीर.

शिवहर में प्रेम प्रसंग का एक मामला खूनी वारदात में बदल गया. पिपराही थाना क्षेत्र के अंबा उत्तरी उर्फ अंबा कला गांव में 20 वर्षीय ललन कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि उसे उसकी प्रेमिका के मोबाइल से फोन कर घर बुलाया गया और वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिस ने मामले में प्रेमिका, उसकी मां और भाई को गिरफ्तार किया है. एफआईआर में कुल नौ लोगों को नामजद किया गया है.

प्रेमिका के मोबाइल से फोन कर बुलाने का आरोप

मृतक ललन कुमार गांव के ही भरत साह का बेटा था. बताया जा रहा है कि उसका गांव की एक युवती शिवानी कुमारी से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों एक ही गांव और समाज से बताए जा रहे हैं. परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद विरोध शुरू हुआ.आरोप है कि 16 सितंबर की रात शिवानी के मोबाइल से ललन को फोन कर मिलने के लिए उसके घर बुलाया गया. देर रात जब वह वहां पहुंचा तो घर में पहले से कुछ लोग मौजूद थे. इसके बाद उसके साथ लाठी-डंडे और लोहे की खंती से मारपीट की गई. गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई.

मां, बेटा और बेटी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद पिपराही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक के भाई विजय साह के आवेदन पर नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शांति देवी, उनके बेटे आदित्य कुमार और बेटी शिवानी कुमारी को गिरफ्तार किया है. तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

मौके से हथियार और मोबाइल बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की खंती और खून लगा लकड़ी का डंडा बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

हत्या के बाद गांव में तनाव

हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था और आरोपितों के घर को लेकर भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. पुलिस ने मौके पर बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया.फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.



Source link