Last Updated:
BIT Mesra Student Death Case: बीआईटी मेसरा के हॉस्टल में एमएससी छात्रा अंजली का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस को डायरी मिली, पारिवारिक तनाव की आशंका. पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला है, लेकिन छानबीन के दौरान एक डायरी बरामद हुई है.(सांकेतिक फोटो-एआई)
रांची: राजधानी रांची स्थित प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान बीआईटी मेसरा (BIT Mesra) के हॉस्टल नंबर-9 से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एमएससी (M.Sc.) की छात्रा अंजली का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है. घटना देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद से पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया है.
दरवाजा नहीं खुला तो छात्राओं को हुआ शक
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अंजली शनिवार शाम को क्लास खत्म होने के बाद अपने हॉस्टल के कमरे में गई थी. काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो आसपास की छात्राओं को अनहोनी की आशंका हुई. छात्राओं ने तुरंत मामले की जानकारी संस्थान प्रबंधन और हॉस्टल वार्डन को दी. जब कमरे का दरवाजा देखा गया, तो अंदर अंजली का शव पंखे के सहारे फंदे से झूल रहा था.
मौके से मिली डायरी, पारिवारिक तनाव की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही बीआईटी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला है, लेकिन छानबीन के दौरान एक डायरी बरामद हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार डायरी में दर्ज बातों से पता चलता है कि मृतका पिछले कुछ समय से गंभीर पारिवारिक समस्याओं से जूझ रही थी और मानसिक तनाव में थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी डिप्रेशन के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
बीआईटी थाना पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुटी है.