MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
नलखेड़ा हादसे पर सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
आगर मालवा के नलखेड़ा में हुए दुखद सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की जानकारी दी
यूपीआई पर शुल्क का विरोध, भोपाल के चौक बाजार व्यापारी संघ ने वित्त मंत्री को सौंपा ज्ञापन
भोपाल के चौक बाजार व्यापारी संघ ने डिजिटल पेमेंट यूपीआई पर शुल्क लगाए जाने के प्रावधान का विरोध किया है. संघ ने इस संबंध में प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को ज्ञापन सौंपा है. व्यापारियों का कहना है कि उन पर पहले से ही केंद्र, राज्य और नगर निगम के कई शुल्क लगे हुए हैं, ऐसे में एक और नया शुल्क उचित नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन कारोबार बढ़ने से रिटेल व्यापारी पहले ही प्रभावित हैं. संघ ने वित्त मंत्री से मांग की है कि इस मुद्दे को केंद्र सरकार तक पहुंचाने में सहयोग करें और शुल्क वापस लिया जाए.
राहुल गांधी पहुंचे इंदौर, एयरपोर्ट पर उमड़े कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे. उनके आगमन पर एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भी एयरपोर्ट पर पहुंचे. एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक उनके स्वागत की तैयारी की गई है.
साइकिल तो मिली पर चल नहीं सकीं, बेमेतरा में सरस्वती साइकिल योजना पर उठे सवाल
बेमेतरा के सिंघोरी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 62 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गईं. छात्राओं के अनुसार वितरण के बाद कई साइकिलों के टायरों में हवा नहीं थी, वहीं कुछ साइकिलों के पैडल, घंटी, सीट और कैरियर क्षतिग्रस्त मिले. छात्राओं ने शिकायत की है कि इस वजह से वे साइकिलों का उपयोग नहीं कर पा रही हैं. प्राचार्य संजय प्रसाद पयासी ने खराब साइकिलों की रिपेयरिंग कराने की बात कही है.
बिना कोचिंग चार साल की घर पर तैयारी, सीतापुर की पूजा सिंह ने क्वालीफाई किया नीट-2026
सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र के राधापुर गांव की पूजा सिंह ने नीट-2026 क्वालीफाई कर लिया है. उन्हें शासकीय मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में प्रवेश मिला है. पूजा की मां मजदूरी करती हैं और आर्थिक स्थिति के कारण वह कोचिंग नहीं ले सकीं. उन्होंने घर पर रहकर ही चार साल तक तैयारी की. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर डीएमएफ मद से पूजा को ढाई लाख रुपए की सहायता स्वीकृत की गई है, जिससे मेडिकल की पढ़ाई का खर्च आसान होगा.
रायगढ़ में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, पांच थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, स्कूटी-बाइक भी जब्त
रायगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की है. तीन दिन चली इस कार्रवाई में चक्रधरनगर, कोतवाली, तमनार, कोतरारोड़ और जूटमिल थाना क्षेत्रों से कुल 57 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई. आबकारी एक्ट के तहत दर्ज छह मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. दो मामलों में शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई स्कूटी और बाइक भी जब्त की गई है.
दमोह के कबीरपुर में चार की हत्या, पति गिरफ्तार, एक साल से चल रहा था पारिवारिक विवाद
दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के मुताबिक, आरोपी द्वारका पटेल ने अपनी पत्नी खेमा पटेल और तीन बच्चों की हत्या कर दी. बच्चों की उम्र एक से सात साल के बीच बताई गई है. सूचना पर पहुंची डायल 100 की टीम ने आरोपी को घर के बाहर से ही अभिरक्षा में ले लिया. पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था. मौके पर फोरेंसिक टीम जांच कर रही है.
यात्रियों से भरी बस पलटी, कंडक्टर की मौत
बालोद के करहीभदर गांव के पास NH-930 पर यात्रियों से भरी बस बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की खबर है. कंडक्टर बस के नीचे दब गया, जिसे निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इस हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है.
भोपाल कलेक्टर के नाम पर फेक आईडी, ठगी से बचने की अपील
भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई गई है। इस आईडी में कलेक्टर के साथ एडीएम सुमित पांडे और जिला पंचायत सीईओ की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। प्रशासन ने लोगों से फेक अकाउंट से आए किसी भी मैसेज का जवाब नहीं देने और उसे फॉलो न करने की अपील की है। इससे पहले पूर्व कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम के नाम पर भी संबल योजना की राशि दिलाने के नाम पर लोगों से 3 से 10 हजार रुपए की ठगी की कोशिश हो चुकी है।
आगर मालवा: नलखेड़ा में बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं की कार, 8 की मौत
आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में श्रद्धालुओं से भरी एक कार बरसाती नाले में बह गई. हादसा मां बगलामुखी मंदिर के समीप हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. श्रद्धालु दर्शन करने आए थे. सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य जारी है. मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है. आशंका है कि हादसा रात में हुई तेज बारिश के दौरान हुआ.
राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर पॉलिटिक्स तेज
इंदौर में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर पॉलिटिक्स तेज हो गई है. शहर के कई इलाकों में राहुल गांधी के विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों पर लिखा है- “झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय”. गीता भवन, पलासिया, वर्ल्ड कप, MR9, विजयनगर और भंवरकुआं समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में ये पोस्टर नजर आ रहे हैं. राहुल गांधी आज इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे. इसके जवाब में लगाए गए पोस्टरों में ‘झूठ की गूंज’ का नारा इस्तेमाल किया गया है.
इंदौर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज यानी 19 सितंबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे. वह इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर सीधे युवाओं से संवाद करेंगे. करीब एक से डेढ़ घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. कार्यक्रम के दौरान मंच पर राहुल गांधी के साथ कुछ युवा भी मौजूद रहेंगे. वहीं, कांग्रेस नेताओं को मंच से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं. कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी और उनसे सीधे संवाद पर खास फोकस रहेगा.
हाईकोर्ट के जस्टिस ने PM CARES में दिए 1.01 करोड़
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह पीएम केयर्स फंड में 1.01 करोड़ रुपए दान देंगे. वे अपने GPF का सारा पैसा PM CARES में दान करेंगे. उन्होंने कहा कि यह विचार उनकी पत्नी का था. उनकी पत्नी ने उन्हें अपना जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) PM CARES फंड में दान करने का सजेशन भी दिया था.