Last Updated:
Marwar Travel Mart: जोधपुर में 20 सितंबर से शुरू होने वाला मारवाड़ ट्रैवल मार्ट-2026 राजस्थान के पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में अहम पहल बनेगा. 125 स्टॉलों में प्रदेश की संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों की झलक दिखेगी, वहीं देशभर से करीब 200 ट्रैवल एजेंट शामिल होंगे. मारवाड़-जवाई, जोधपुर, जैसलमेर समेत प्रमुख डेस्टिनेशन को जोड़कर नए टूर पैकेज तैयार करने पर भी मंथन होगा.
जोधपुर. राजस्थान का नाम आते ही आंखों के सामने यहां की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, किले-महल और रंग-बिरंगी लोक परंपराओं की तस्वीर उभरने लगती है. देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों की चाहत होती है कि वे राजस्थान की इस अनूठी संस्कृति और मेहमाननवाजी को करीब से महसूस करें. इसी चाहत और राजस्थान के पर्यटन को एक बड़े मंच पर पहुंचाने की दिशा में मारवाड़ ट्रैवल मार्ट-2026 खास पहल बनकर सामने आ रहा है. 20 सितंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन में 125 स्टॉलों के जरिए राजस्थान के पर्यटन वैभव को प्रदर्शित किया जाएगा, वहीं देशभर से करीब 200 ट्रैवल एजेंट और पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिनिधि जुटेंगे.
आयोजकों के अनुसार, मार्ट के जरिए पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा. चार प्रमुख शहरों में रोड शो के माध्यम से भी मारवाड़ ट्रैवल मार्ट का प्रचार किया जाएगा. आयोजन से पर्यटन गतिविधियों के विस्तार, होटल-रिसॉर्ट व्यवसाय और स्थानीय पर्यटन से जुड़े रोजगार एवं कारोबार को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं है.
लोक संस्कृति बनेगी आकर्षण का केंद्र
मारवाड़ की पारंपरिक लोक संस्कृति, कला और आतिथ्य को भी इस आयोजन में विशेष स्थान दिया जाएगा. देशभर से आने वाले ट्रैवल एजेंटों के सामने मारवाड़ की सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत होने से क्षेत्र को नए पर्यटन बाजारों से जोड़ने में मदद मिल सकती है. मारवाड़ ट्रैवल मार्ट में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 200 ट्रैवल एजेंट शामिल होंगे. इसका उद्देश्य राजस्थान, खासकर मारवाड़ क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को देश के अलग-अलग पर्यटन बाजारों से जोड़ना है ट्रैवल एजेंटों को क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों, यहां उपलब्ध सुविधाओं और नए पर्यटन अनुभवों की जानकारी दी जाएगी.
मारवाड़-जवाई सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के नए पैकेज पर होगा फोकस
जरा के अध्यक्ष जे एम बूब ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 सितंबर को होने वाली मीटिंग में राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों को नए टूर पैकेज के रूप में देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने पर खास चर्चा होगी. मारवाड़-जवाई, जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत, जैसलमेर के रेगिस्तानी पर्यटन और प्रदेश के अन्य प्रमुख डेस्टिनेशन को जोड़कर आकर्षक पैकेज तैयार करने की संभावनाओं पर मंथन होगा. उद्देश्य रहेगा कि पर्यटकों को राजस्थान की संस्कृति, विरासत, प्रकृति और रोमांच का एक साथ अनुभव कराने वाले नए पर्यटन विकल्प विकसित किए जाएं, ताकि राजस्थान को एक व्यापक और विविधतापूर्ण पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूती मिले.