Last Updated:
Budhni Railway Junction: मध्य प्रदेश में बुदनी स्टेशन का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है. अब यहां एक नया जंक्शन बनने जा रहा है. इससे बुदनी और नर्मदापुरम की इंदौर से सीधे कनेक्टिविटी होगी. इस नए जंक्शन और तीसरी लाइन के बनने से यात्रियों के सफर के लगभग 2 घंटे बचेंगे. इसके अलावा ट्रेनों को अब भोपाल होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. जंक्शन बनने से यहां कई नई ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा.
बुदनी बनेगा नया रेलवे जंक्शन (AI तस्वीर)
Budhni Railway Junction: रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और खुशखबरी वाली खबर सामने आई है. पश्चिम मध्य रेलवे का बुदनी रेलवे स्टेशन जल्द ही एक अहम रेलवे जंक्शन के रूप में जाना जाएगा. इस नए बदलाव से बुदनी और नर्मदापुरम क्षेत्र की इंदौर से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी, जिससे यात्रियों के समय में सीधे 2 घंटे की बड़ी बचत होगी. जो लोग इंदौर इलाज करवाने या पढ़ने जाना चाहते हैं. उन्हें इससे खूब फायदा होगा.
भोपाल और इटारसी के बीच बुदनी
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक भोपाल और इटारसी रेलखंड के बीच बुदनी पहला ऐसा स्टेशन होगा, जिसे जंक्शन का दर्जा मिलने जा रहा है. रेलवे में जंक्शन उसे कहते हैं, जहां तीन दिशाओं से रेल लाइनें आकर मिलती हैं. यह हाल्ट के मुकाबले बड़ा स्टेशन होता है. पहले बुदनी स्टेशन पर सिर्फ कुछ ही ट्रेनों का हॉल्ट हुआ करता था, लेकिन जंक्शन बनने के बाद यहां कई नई ट्रेनों के रुकने के रास्ते साफ हो गए हैं
यात्रियों के समय की होगी बचत
इस नए रूट और तीसरी लाइन के शुरू होने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ट्रेनों को अब भोपाल होकर लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा. इससे न सिर्फ दूरी कम होगी, बल्कि यात्रियों के कीमती समय की भी बचत होगी. इसके अलावा सलकनपुर मार्ग के जो क्षेत्र अब तक रेल नेटवर्क से सीधे नहीं जुड़े थे. वे भी इस नए जंक्शन के जरिए मुख्य रेल धारा से जुड़ जाएंगे. प्रसिद्ध सलकनपुर देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह नया मार्ग काफी सुविधाजनक साबित होगा.
सुविधाओं से लैस होगी नई बिल्डिंग
स्टेशन पर यात्रियों के स्वागत के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और एक नई शानदार बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस नई बिल्डिंग में यात्रियों की सुविधा और आराम के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं. रेलवे पीआरओ के अनुसार निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है और जल्द ही यह नया जंक्शन पूरी तरह तैयार हो जाएगा. आने वाले समय में यह स्टेशन मध्य प्रदेश के रेल नेटवर्क में एक बेहद अहम कड़ी साबित होने वाला है.