Last Updated:
UP Today Weather : देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि यूपी में मानसून के विदा लेने का समय आ गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. इसका मतलब आज मौसम सामान्य रहने वाला है. हालांकि, राहत की बात यह है कि उफनती नदियां भी शांत हो रही हैं.
यूपी मौसम.
UP Weather : अब उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई धीरे-धीरे होने लगी है. इसका अंदाजा आज के भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान से लगा सकते हैं. फिलहाल सहारनपुर से सोनभद्र तक किसी भी जिला के लिए कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है. बताया जा रहा है कि अगले कुछ घंटों में राजस्थान के रास्ते मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी. इसके बाद प्रदेश में धीरे-धीरे बारिश का सिलसिला थम जाएगा. वहीं, कल लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज समेत ज्यादातर शहरों में धूप खिली रही. हालांकि, दोपहर बाद गोरखपुर में हल्की फुल्की फुहारें पड़ी.
आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है,
20 सितंबर से होगी बारिश में कमी
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, ज्यादातर समय मौसम साफ ही बना रहेगा. मानसून की विदाई के साथ पश्चिमी यूपी में 20 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. 22 सितंबर से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क हो जाएगा. वहीं, लगातार हुई बारिश से उफान पर चल रही नदियों का जलस्तर अब घटने लगा है. गोंडा में घाघरा नदी खतरे के निशान से 20 सेमी नीचे पहुंच गई है. बीते 24 घंटों में 5 गांवों से बाढ़ का पानी उतर चुका है, लेकिन अब भी 15 गांवों की लगभग 10 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित है. कई घरों और सड़कों पर पानी भरा हुआ है.
क्या बोलते हैं मौसम वैज्ञानिक?
अगर मौसम वैज्ञानिक की माने तो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि मानसून की वापसी के संकेतों के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो रही है. इसके अलावा, अरब सागर की तरफ से आ रही नमी भरी हवाएं बादल बना रही हैं. प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम इन बादलों को एक जगह इकट्ठा कर रहा है. इस वजह से प्रदेश में बादलों की आवाजाही जारी है. तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो रही है.
कम हुई बारिश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अभी तक जितनी जरूरत थी, उससे 4% कम बारिश हुई है. मौसम वैज्ञानिक अल-नीनो को इसकी वजह बता रहे हैं. 28 जून को यूपी में मानसून की एंट्री के बाद से ही अल-नीनो का असर बना हुआ है. इससे यूपी कई जिलों में जरूरत से ज्यादा बारिश हुई, जबकि कई में अनुमान से कम बारिश रिकॉर्ड हुई. एक बार फिर अल-नीनो धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है. इस कारण यूपी में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ने के आसार हैं.