लहसुन का अचार बनाने का ये आसान तरीका कर देगा हैरान, बस 5 चीजें मिलाएं और मिनटों में करें तैयार

लहसुन का अचार बनाने का ये आसान तरीका कर देगा हैरान, बस 5 चीजें मिलाएं और मिनटों में करें तैयार


Last Updated:

लहसुन का चटपटा अचार खाने का स्वाद दोगुना कर सकता है. अगर आप बिना ज्यादा झंझट के घर पर अचार बनाना चाहते हैं, तो लहसुन की कलियों में सिर्फ कुछ मसाले और तेल मिलाकर यह झटपट रेसिपी ट्राय कर सकते हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

खाने के साथ अचार मिल जाए तो साधारण दाल-चावल या रोटी-सब्जी का स्वाद भी बढ़ जाता है. अगर आपको अचार का चटपटा और तीखा स्वाद पसंद है, तो इस बार घर पर लहसुन का अचार बनाकर देख सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी. लहसुन के साथ कुछ मसाले और तेल मिलाकर आप इसे जल्दी तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने का तरीका भी काफी आसान है और इसके लिए घंटों धूप में रखने की जरूरत नहीं होती.

लहसुन का अचार बनाने के लिए क्या चाहिए

इस अचार के लिए आपको करीब 2 कप छिली हुई लहसुन की कलियां, 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल, 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच हल्दी और 1 बड़ा चम्मच अचार का मसाला चाहिए. स्वाद के हिसाब से नमक डाल सकते हैं. अगर आपको अचार थोड़ा ज्यादा खट्टा पसंद है, तो 1 से 2 बड़े चम्मच नींबू का रस भी मिलाया जा सकता है.

ऐसे बनाएं लहसुन का अचार

सबसे पहले लहसुन की कलियों को छीलकर अच्छी तरह साफ कर लें. इन्हें धोने के बाद किसी साफ कपड़े या किचन टॉवल से अच्छी तरह सुखा लें. अचार बनाते समय लहसुन में ज्यादा नमी नहीं होनी चाहिए, इसलिए यह स्टेप जरूर ध्यान से करें. अब एक कड़ाही में सरसों का तेल डालकर इसे गर्म करें. तेल से हल्का धुआं निकलने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद एक साफ और सूखे बाउल में लहसुन की कलियां डालें.

अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, अचार का मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद हल्का गुनगुना सरसों का तेल डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर दें. अगर खट्टा स्वाद पसंद है, तो इसमें नींबू का रस डालकर एक बार फिर मिला सकते हैं.

डिब्बे में कैसे करें पैक

अचार तैयार होने के बाद इसे किसी साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भर दें. जार में पानी या नमी नहीं होनी चाहिए. अचार को साफ और सूखे चम्मच से ही निकालें, ताकि जल्दी खराब होने का खतरा कम रहे. अगर आप चाहते हैं कि लहसुन में मसालों का स्वाद अच्छी तरह आए, तो इसे कुछ समय के लिए रख सकते हैं. कुछ घंटों बाद लहसुन मसालों और सरसों के तेल का स्वाद अच्छी तरह सोखने लगेगा.



Source link