मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाते ही बीमार हुए 30 छात्र, आधी रात पहुंचे सदर अस्पताल

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाते ही बीमार हुए 30 छात्र, आधी रात पहुंचे सदर अस्पताल


Last Updated:

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने से 30 से अधिक छात्र-छात्राएं और स्टाफ बीमार पड़ गए. सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद आधी रात मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया. फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

इलाज के लिए अस्पताल पहुंची छात्राएं

मुंगेरः बिहार के मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद 30 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. एक के बाद एक छात्रों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई. आनन-फानन में बीमार छात्र-छात्राओं को देर रात मुंगेर सदर अस्पताल लाया गया. इमरजेंसी में डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया. फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है. कॉलेज के कुछ स्टाफ के भी बीमार होने की बात सामने आई है.

मामला मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज का है, जहां विश्वकर्मा पूजा के बाद प्रसाद खाने वाले 30 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. छात्रों के मुताबिक प्रसाद खाने के बाद पहले उल्टी और फिर दस्त की शिकायत शुरू हुई. बताया जाता है कि गुरुवार की रात विश्वकर्मा पूजा संपन्न होने के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने प्रसाद ग्रहण किया था. शुक्रवार सुबह से ही कुछ छात्रों की तबीयत खराब होने लगी. शुरुआत में छात्रों को लगा कि तबीयत अपने आप ठीक हो जाएगी, लेकिन शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे कई छात्रों की हालत बिगड़ने लगी.

इलाज के लिए लगाए गए अतिरिक्त चिकित्सक 
इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने एक-एक कर बीमार छात्र-छात्राओं को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया. बड़ी संख्या में छात्रों के एक साथ इमरजेंसी पहुंचने से अस्पताल में भी हलचल मच गई. इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. फैज ने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने पर अतिरिक्त चिकित्सक डॉ. शशांक को भी इलाज में लगाया गया. सभी मरीजों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहा.

बीमार छात्रों में साक्षी कुमारी, शिवाज्ञी कुमारी, अन्नू कुमारी, फौजिया कुमारी, ज्योति कुमारी, अर्पिता कुमारी, अनमोल कुमारी, जानवी कुमारी और कंचन कुमारी समेत कई छात्र-छात्राएं शामिल हैं. पीड़ित छात्रों का कहना है कि विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई. फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. प्रसाद खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की वजह फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के बीमार पड़ने से कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर छात्रों की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या रही.



Source link