बिहार सरकार की कोशिशों को झटका, मोतिहारी बड़कागांव पैक्स के 8 सदस्यों ने एकसाथ दिया इस्तीफा, जानिए पूरा मामला

बिहार सरकार की कोशिशों को झटका, मोतिहारी बड़कागांव पैक्स के 8 सदस्यों ने एकसाथ दिया इस्तीफा, जानिए पूरा मामला


Last Updated:

बिहार में पैक्स को किसानों और ग्रामीणों की जरूरतों का प्रमुख केंद्र बनाने की कोशिश हो रही है. खाद वितरण से लेकर जन वितरण प्रणाली और किसानों से जुड़ी कई जिम्मेदारियां पैक्स को दी जा रही हैं. लेकिन पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल प्रखंड के बड़कागांव पैक्स में समिति के कामकाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. पैक्स समिति के 8 सदस्यों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मोतिहारी में अध्यक्ष की मनमानी से परेशान 8 पैक्स सदस्यों ने छोड़ी समिति

मोतिहारी. एक तरफ बिहार सरकार पैक्स सहकारी संस्थाओं को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है. खाद से लेकर राशन वितरण तक की जिम्मेदारी अब पैक्स को दी जा रही है, ताकि किसानों और आम लोगों को लाभ मिल सके. लेकिन दूसरी तरफ पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल प्रखंड के बड़कागांव पैक्स में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां समिति के 8 सदस्यों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है. सदस्यों ने पैक्स अध्यक्ष पर मनमानी और वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं.

अध्यक्ष पर मनमानी करने का आरोप

इस्तीफा देने वाले सदस्यों में पूरन कुमार, अंजू कुमारी सहित अन्य शामिल हैं. इनका आरोप है कि पैक्स अध्यक्ष लगातार गड़बड़ी और भ्रष्टाचार कर रहे हैं. वे मनमाने तरीके से खुद ही हस्ताक्षर कर लेते हैं और समिति के सदस्यों को किसी भी फैसले में शामिल नहीं करते. लगातार हो रही गड़बड़ी से परेशान होकर सभी सदस्यों ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. सदस्यों ने बताया कि कई बार अध्यक्ष को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे अपनी मनमानी से बाज नहीं आए. मजबूर होकर उन्हें इस्तीफा देना पड़ा.

बैठक बुलाई गई, लेकिन नहीं पहुंचा एक भी सदस्य

वहीं, इस मामले की जांच करने पहुंचे प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि जिला सहकारिता पदाधिकारी के आदेश पर बड़कागांव पैक्स समिति की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बैठक में एक भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ. प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी.

अब विभागीय कार्रवाई पर नजर

उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारी को भेजी जाएगी और विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. एक साथ 8 सदस्यों के इस्तीफे के बाद से बड़कागांव पैक्स की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और ग्रामीणों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है. अब देखना यह है कि विभागीय जांच में क्या सामने आता है और पैक्स की व्यवस्था को सामान्य करने के लिए आगे क्या कार्रवाई की जाती है.



Source link