Last Updated:
Karauli Bournvita Barfi: बॉर्नविटा के परिचित स्वाद के कारण बच्चों के लिए यह मिठाई कुछ अलग अनुभव देती है. वहीं कई ऐसे ग्राहक भी हैं, जो लंबे समय से इस मिठाई का स्वाद लेते आ रहे हैं और करौली आने पर इसे खरीदना नहीं भूलते. करौली में इस बर्फी का स्वाद भी केवल एक ही ठिकाने पर मिलता है.
करौली. बचपन में दूध का गिलास सामने आते ही उसमें बॉर्नविटा मिलाकर पीने का अपना ही मजा हुआ करता था. लेकिन क्या आपने कभी इसी बॉर्नविटा के स्वाद वाली बर्फी खाई है? अगर नहीं, तो करौली में मिलने वाली यह खास मिठाई आपको जरूर चौंका सकती है. यहां एक मिठाई की दुकान पर पिछले करीब 20 साल से बॉर्नविटा वाली बर्फी तैयार की जा रही है, जिसे खासतौर पर बच्चे काफी पसंद करते हैं.
करौली के बीकानेर स्वीट होम पर तैयार होने वाली यह बर्फी सामान्य मिठाइयों से थोड़ी अलग है. इसका स्वाद बॉर्नविटा से जुड़ा होने के कारण बच्चों को यह काफी आकर्षित करती है. दुकान संचालक के अनुसार इस बर्फी को एक खास रेसिपी के जरिए तैयार किया जाता है
20 साल से बन रही है बॉर्नविटा बर्फी
बीकानेर स्वीट होम के नरपत सिंह बताते हैं कि उनके यहां बॉर्नविटा बर्फी करीब 20 साल से तैयार की जा रही है. शुरुआत से ही इसका स्वाद ग्राहकों को पसंद आया और धीरे-धीरे यह दुकान की खास पहचान बन गई. इसे बनाने में घी, दूध, मिल्क पाउडर और मावे जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है. नरपत सिंह के मुताबिक बर्फी की खासियत यह है कि इसे रोजाना ताजा तैयार किया जाता है. दुकान पर जितनी मात्रा में बर्फी तैयार होती है, लगभग उतनी ही मात्रा में उसकी बिक्री भी हो जाती है. यही वजह है कि ग्राहकों को यहां कई बार ताजा बनी बर्फी ही मिलती है.
बच्चे दुकान पर आते ही सबसे पहले मांगते हैं यही मिठाई
इस बर्फी की सबसे ज्यादा पसंद बच्चों के बीच देखने को मिलती है. नरपत सिंह बताते हैं कि जब कोई परिवार उनकी दुकान पर मिठाई खरीदने आता है तो बच्चे अक्सर दूसरी मिठाइयों के बजाय बॉर्नविटा बर्फी खाने की जिद करते हैं. बॉर्नविटा के परिचित स्वाद के कारण बच्चों के लिए यह मिठाई कुछ अलग अनुभव देती है. वहीं कई ऐसे ग्राहक भी हैं, जो लंबे समय से इस मिठाई का स्वाद लेते आ रहे हैं और करौली आने पर इसे खरीदना नहीं भूलते.
रोजाना 8 से 10 किलो तक होती है तैयार
दुकान संचालक के अनुसार बॉर्नविटा बर्फी की रोजाना करीब 8 से 10 किलो तक तैयारी की जाती है. खास बात यह है कि रोजाना ताज़ा तैयार होने वाली बर्फी की रोजाना खपत भी हो जाती है. इसकी मांग केवल करौली शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास और दूर-दराज से आने वाले ग्राहक भी इसे खरीदकर ले जाते हैं. वर्तमान में यह बॉर्नविटा बर्फी करीब 480 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जा रही है. करीब दो दशक से लगातार तैयार हो रही यह अनोखी मिठाई अब करौली के स्थानीय स्वाद की पहचान बन चुकी है.