Last Updated:
Jharkhand Aaj Ka Mausam: झारखंड में आज मानसून सक्रिय है. सभी 24 जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना है. गिरिडीह, बोकारो और देवघर समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची में तापमान 31 डिग्री रहने का अनुमान है.
झारखंड वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
रांचीः झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज, 19 सितंबर को राज्य भर में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के सभी 24 जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा.
इन 8 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 8 प्रमुख जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और गुमला शामिल हैं. इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ-साथ 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है.
रांची के मौसम का हाल
राजधानी रांची में भी आज बादलों का डेरा रहेगा. शहर का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है.
आज सुबह रांची में सूर्योदय 5:36 बजे हुआ, जबकि सूर्यास्त शाम 5:49 बजे होगा. हवा में नमी का स्तर काफी अधिक यानी 92 प्रतिशत दर्ज किया गया है. इसके चलते बारिश के बीच उमस भी बनी रह सकती है.
राज्य भर का तापमान और आगामी पूर्वानुमान
पूरे झारखंड की बात करें तो ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
आने वाले दिनों की बात करें तो तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है. अगले 6 से 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री से घटकर 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है. इससे आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और हल्की ठंडक का अहसास शुरू होगा. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली के खंभों व पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी है.