Last Updated:
DUSU Election 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपांशु शौकीन छा गए हैं. निर्दलीय प्रत्याशी दीपांशु ने लंबी बढ़त बना रखी है. अब उनका जीतना तय माना जा रहा है.
DUSU Election 2026 : दीपांशु के पिता बेटे को IAS बनता देखना चाहते थे.
DUSU Election 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने सारे समीकरण बदल डाले हैं. 12वें राउंड तक की मतगणना में 18,943 वोट के साथ दीपांशु सबसे आगे चल रहे हैं. उनके निकटतम प्रतिद्वंदी ABVP की प्रत्याशी इशु मौर्या 9,680 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
दीपांशु शौकीन दिल्ली के बाहरी इलाके में बसे पीरागढ़ गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता बस कंडक्टर और मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं. शौकीन ने डीयू के भगत सिंह कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है. अभी वह डिपार्टमेंट ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज के स्टूडेंट हैं.
नंगे पैर किया चुनाव प्रचार
दीपांशु शौकीन ने चुनाव प्रचार नंगे पैर किया. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे की घटना के बाद उन्होंने यह संकल्प लिया. उन्होंने कहा था कि नंगे पैर चलने से होने वाला दर्द उन्हें लगातार उन छात्रों की परेशानियों की याद दिलाता है, जिनकी आवाज वह उठाना चाहते हैं. दीपांशु ने कहा था कि जब तक पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका यह सत्याग्रह जारी रहेगा.
परिवार चाहता था IAS बनें शौकीन
रिपोर्ट के अनुसार, दीपांशु शौकीन के पिता चलाते थे कि वह यूपीएससी क्रैक करके आईएएस बनें. लेकिन उन्होंने परिवार से साफ कह दिया कि वह राजनीति में जाना चाहते हैं. इसी सोच के साथ उन्होंने छात्र राजनीति को अपने करियर की दिशा बनाने का फैसला किया.
NSUI से मांगा टिकट, फिर कर दी बगावत
शौकीन ने निर्दलीय उम्मीदवार बनने से पहले NSUI से टिकट मांगा था. उनका नामांकन भी हुआ था. लेकिन संगठन की ओर से नामांकन वापस लेने को कहा गया. लेकिन शौकीन ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतर गए.