Last Updated:
UP PCS 2025 Mains Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2025 (मुख्य) परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है. 28 प्रकार के कुल 814 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 28 सितंबर 2026 से शुरू होकर 24 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे. कुल 19 कार्यदिवसों में दो पालियों में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे. आयोग ने 812 पदों के लिए 2297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया है. अभ्यर्थी 22 सितंबर से आयोग की वेबसाइट से अपना इंटरव्यू लेटर और जरूरी दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं.
यूपी पीसीएस इंटरव्यू का शेड्यूल जारी. (सांकेतिक)
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राज्य सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी खुशखबरी दी है. 17 सितंबर 2026 को घोषित किए गए पीसीएस (मुख्य) परीक्षा 2025 के परिणाम के बाद, अब आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार (Interview) का पूरा कार्यक्रम (Schedule) जारी कर दिया है.
आयोग के परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीसीएस 2025 के इंटरव्यू 28 सितंबर 2026 से शुरू होंगे और 24 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे. यह इंटरव्यू कुल 19 कार्यदिवसों में पूरा किया जाएगा.
यूपी पीसीएस का इंटरव्यू शेड्यूल जारी
दो पालियों में होगा इंटरव्यू
साक्षात्कार प्रतिदिन दो पालियों (सत्रों) में आयोजित किए जाएंगे.
- प्रथम सत्र: सुबह 9:30 बजे से (अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे रिपोर्ट करना होगा).
- द्वितीय सत्र: दोपहर 2:00 बजे से (अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा).
- इंटरव्यू का आयोजन प्रयागराज स्थित यूपी लोक सेवा आयोग परिसर के ‘सरस्वती भवन’ में किया जाएगा. आयोग ने रोल नंबर के हिसाब से तिथिवार और सत्रवार पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है.
814 पदों पर होनी है भर्ती
गौरतलब है कि यूपीपीसीएस 2025 के जरिए कुल 28 प्रकार के 814 रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है. इनमें से 2 पदों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा. बाकी बचे 812 पदों के लिए आयोजित हुई मुख्य परीक्षा (मेंस) में 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2297 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई किया है. मुख्य परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी.
जरूरी दिशा-निर्देश और दस्तावेज
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू के लिए सफल अभ्यर्थी 22 सितंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (https://uppsc.up.nic.in) से अपने इंटरव्यू लेटर और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं. अभ्यर्थियों को ऑनलाइन सबमिट की गई मान्यता का प्रिंटआउट, सभी शैक्षिक अंकतालिकाओं, उपाधियों और अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों (जैसे जाति, EWS, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, दिव्यांगता आदि) की मूल प्रतियां साथ लाना अनिवार्य है. दस्तावेजों के अभाव में किसी भी अभ्यर्थी का इंटरव्यू संभव नहीं होगा.