कुक ने पहचाना था शिवम का टैलेंट, फिर हुई पापा की एंट्री, रोहित-विराट बड़े भाई
Last Updated:
Shivam Dube News18 India Jazba: 2024 और 2026 में लगातार दो बार भारतीय क्रिकेट टीम के साथ टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाले शिवम दुबे ने अपने बचपन के कई राज खोले हैं. न्यूज18 इंडिया के जज्बा कॉन्क्लेव में इस स्टार ऑलराउंडर ने बताया कि कैसे रसोइये के सामने लंबे-लंबे छक्के मारने पर पिता ने उनके टैलेंट को पहचाना और उन्हें क्रिकेटर बनाने की ठानी.
शिवम दुबे ने न्यूज18 इंडिया के मंच पर बड़ा खुलासा किया.
नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे का असली टैलेंट उनके पापा ने नही बल्कि घरेलू नौकर ने पहचाना था. ये खुलासा खुद शिवम दुबे ने न्यूज18 इंडिया के मंच पर किया. अपने बचपन का किस्सा याद करते हुए शिवम ने बताया कि कैसे उनके रसोइये ने उन्हें बॉल फेंकने से मना कर दिया था क्योंकि वह लंबे-लंबे छक्के लगाते थे.
घर के रसोईए के कारण हुई क्रिकेट की शुरुआत
दरअसल, 19 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी स्थित ‘भारत मंडपम’ में ‘जज्बा कॉन्क्लेव’ का आयोजन हुआ, जिसमें खेल से जुड़ी कई नामी-गिरामी हस्तियों ने शिरकत की, शिवम दुबे भी उन्हीं में से एक थे. दो बार के टी-20 वर्ल्ड चैंपियन शिवम दुबे ने अपने क्रिकेटिंग सफर की शुरुआत के बारे में बताया:
मेरे कुक ने दो-तीन मुझे बॉलिंग कराई है. फिर उसने मुझे बॉलिंग करनी बंद कर दी. मैंने फिर पापा को बोला कि मेरे साथ ये नहीं खेलता है. फिर पापा ने कुक को डांटा. कुक ने बताया कि ये बहुत दूर-दूर मारता है मैं थक जाता हूं तो फिर खाना कैसे बनाऊंगा. फिर पापा ने बोला कि मेरे सामने बॉलिंग कराओ उसे. मैंने भी पापा के सामने जोर से मारा, पता नहीं पापा ने मुझमें ऐसा क्या पहचाना कि उन्होंने तभी मुझे क्रिकेटर बनाने की ठान ली थी.
शिवम दुबे आगे कहते हैं कि जब वह 22 साल के हुए तब भी उन्हें यकीन नहीं था कि वह क्रिकेटर बनेंगे, लेकिन उनके पापा को पांच साल की उम्र में से ही लगा था वह क्रिकेटर बनेंगे. शिवम के ऑलराउंडर बनने की कहानी भी दिलचस्प है. बकौल शिवम वह इसलिए ऑलराउंडर बने कि अगर बैटिंग में नहीं चल पाए तो बॉलिंग से विकेट निकाल लेंगे. इसी बहाने टीम में उनकी जगह तो पक्की रहेगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी-20 में खराब फील्डिंग के कारण हुई सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर शिवम ने कहा कि कोई भी फील्डर जानबूझकर गेंद या कैच नहीं छोड़ता. सभी पूरी कोशिश करते हैं कि गेंद को रोकी जाए, लेकिन कभी-कभी ऐसा नहीं हो पाता है.
ड्रेसिंग रूम के माहौल को शिवम दुबे ने खुशनुमा बताया. साथ ही विराट कोहली और रोहित शर्मा को बड़े भाई करार दिया. कहा कि दोनों से कभी डर नहीं लगा बल्कि बड़े भाई/दोस्त की फीलिंग आई. शिवम ने अपने सफल इंटरनेशनल करियर के पीछे आईपीएल को क्रेडिट दिया और आईपीएल में बढ़िया करने के लिए एमएस धोनी की तारीफ की. इतना ही नहीं गौतम गंभीर को मैदान पर सीरियस, लेकिन ग्राउंड के बाहर मस्तीखोर कहने से भी वह नहीं हिचकिचाए.