Last Updated:
Moradabad News: मुरादाबाद में होमगार्ड की फिजिकल परीक्षा के दौरान दौड़ में शामिल बरेली के अभ्यर्थी शिवम यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान अभ्यर्थी की मौत (फाइल फोटो)
मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद में होमगार्ड की फिजिकल परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई. दौड़ते समय वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान बरेली जिले के सुभाषनगर निवासी शिवम यादव के रूप में हुई है. उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, अभ्यर्थी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दौड़ते समय मैदान में बेहोश होकर गिरा अभ्यर्थी
बता दें कि होमगार्ड की फिजिकल परीक्षा पिछले कई दिनों से मुरादाबाद के PAC 9 ग्राउंड में चल रही है. इसी परीक्षा के दौरान शिवम यादव दौड़ में शामिल था. दौड़ते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में बेहोश होकर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी. यह पूरा मामला मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. शिवम यादव बरेली के सुभाषनगर का रहने वाला था.