पटना. JDU की बैठक के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी नेता नीरज कुमार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच अनंत सिंह ने अपने पुराने AK-47 मामले का जिक्र करते हुए नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाया. अनंत सिंह ने कहा कि “घर में AK-47 रखकर मुझे फंसाया और जेल भिजवाया.” उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग भी की है.
‘घर में AK-47 रखकर मुझे फंसाया’
अनंत सिंह ने अपने बयान में सीधे तौर पर नीरज कुमार को निशाने पर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर में AK-47 रखकर उन्हें फंसाया गया और जेल भेज दिया गया. अनंत सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर उन्हें किस तरह फंसाया गया. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले में पार्टी नेताओं को भी बुलाकर पूछताछ की जानी चाहिए. अनंत सिंह ने यहां तक कहा कि अगर जरूरत पड़े तो नार्को टेस्ट भी कराया जाए.
नीरज कुमार पर क्यों भड़के अनंत सिंह?
अनंत सिंह ने कहा कि जब भी वह चुनाव लड़ते हैं, नीरज कुमार उनका विरोध करते हैं. उन्होंने ललन सिंह का उदाहरण देते हुए भी नीरज कुमार पर विरोध करने का आरोप लगाया. अनंत सिंह ने कहा, “हम लड़े तब नीरज बाबू ने विरोध किया. ललन सिंह लड़ते थे, तब भी उन्होंने विरोध किया. ये कभी नहीं छोड़ते हैं. हमारी गलती क्या है?” अनंत सिंह का कहना है कि यही वजह है कि वह पटना स्नातक MLC चुनाव में नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं.
‘नीरज कुमार को वोट में हराएंगे’
MLC चुनाव को लेकर अनंत सिंह ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि वह नीरज कुमार को चुनाव में हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार की हार तय है. अनंत सिंह ने यह भी कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है. उनका इशारा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की ओर था, जहां वह अपने स्तर पर उम्मीदवार के समर्थन को लेकर फैसला कर रहे हैं.
‘मेरे वोट से मुख्यमंत्री बनता है…’
बयान के दौरान अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक प्रभाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “मेरे वोट से मुख्यमंत्री बनता है, ललन बाबू के वोट से…” इस बयान के जरिए उन्होंने नीरज कुमार पर तंज कसा.
पहले भी कर चुके हैं विरोध का ऐलान
यह पहली बार नहीं है जब अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर बयान दिया है. इससे पहले भी वह कह चुके हैं कि नीरज कुमार ने उनके चुनाव में विरोध किया था, इसलिए वह भी नीरज कुमार के चुनाव में उनका विरोध करेंगे. वहीं, नीरज कुमार ने कहा है कि अभी पार्टी ने उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के निर्णय के अनुसार काम करते हैं और फिलहाल कौन क्या कहता है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता.
पटना स्नातक MLC चुनाव के बहाने JDU के भीतर नेताओं के बीच सामने आई यह तनातनी अब लगातार चर्चा में है. खास तौर पर AK-47 मामले को लेकर अनंत सिंह के आरोपों ने इस विवाद को और सुर्खियों में ला दिया है.