100 मीटर घसीटी बाइक और… दिल्ली में 73 साल के बुजुर्ग की ये कैसी हरकत
Last Updated:
दिल्ली के आरके पुरम मेट्रो स्टेशन के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी. इसके बाद कार बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई चली गई. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की रात 21 साल के तनीष टोकस सड़क किनारे बाइक पर बैठे थे, तभी 73 साल के बुजुर्ग वेणु गोपाल की नीली कार ने बाइक को टक्कर मार दी. तनीष गिर गए, हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई. घटना के बाद लोगों ने कार ड्राइवर को रोक लिया. वीडियो में एक महिला बुजुर्ग ड्राइवर को थप्पड़ मारती दिख रही है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
दिल्ली के आरके पुरम में कार ने बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटा. (फोटो ANI)
दिल्ली की सड़क पर रात का वक्त था. लोग अपने-अपने घरों की तरफ जा रहे थे. तभी आरके पुरम में कुछ ऐसा हुआ कि सड़क पर मौजूद लोगों की नजरें एक कार पर टिक गईं. एक नीली कार ने बाइक को टक्कर मारी. टक्कर के बाद बाइक वहीं नहीं रुकी. कार उसे घसीटते हुए आगे बढ़ती चली गई. कुछ दूर तक बाइक कार के साथ घिसटती रही. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. सबसे हैरान करने वाली बात कार चलाने वाले की उम्र है. पुलिस के मुताबिक ड्राइवर 73 साल का है. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया और बुजुर्ग ड्राइवर को बाहर निकाला.
मामला आरके पुरम मेट्रो स्टेशन के पास का है. पुलिस के मुताबिक हादसा 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ. यह सड़क भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की तरफ जाती है. बताया गया कि 21 साल के तनीष टोकस सड़क किनारे अपनी बाइक पर बैठे थे. तभी वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल कार लेकर वहां पहुंचे. उनकी नीली कार ने तनीष की काले रंग की बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तनीष बाइक से गिर गए. इसके बाद कार बाइक को काफी दूर तक घसीटती चली गई. हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि तनीष कार के साथ नहीं घसीटे गए और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई.
टक्कर के बाद बाइक को घसीटती रही कार
वायरल वीडियो में नीली कार के आगे बाइक फंसी दिखाई देती है. कार आगे बढ़ती रहती है और बाइक सड़क पर घिसटती जाती है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बाइक करीब 100 मीटर तक घसीटी गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया. पुलिस को भी सूचना दी गई. वीडियो में लोगों की भीड़ बुजुर्ग ड्राइवर को कार से बाहर निकालती दिख रही है.
भीड़ ने रोका, महिला ने जड़ा थप्पड़
घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें कुछ लोग 73 साल के ड्राइवर को घेरकर खड़े दिखाई दे रहे हैं. एक महिला ड्राइवर को थप्पड़ मारती नजर आती है. वहीं बुजुर्ग हाथ जोड़कर माफी मांगते दिख रहे हैं. वीडियो में लोग उनसे सवाल करते भी नजर आते हैं. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पुलिस के मुताबिक हादसे की सूचना रात करीब 10:22 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. आरके पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने नीले रंग की कार को जब्त कर लिया है. आरोपी ड्राइवर वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है.
21 साल के बाइक सवार को गंभीर चोट नहीं
पुलिस के अनुसार टक्कर के बाद तनीष टोकस बाइक से गिर गए थे. उनका मेडिकल टेस्ट कराया गया. जांच में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं मिली. खास बात यह भी है कि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाइक सवार कार के साथ घसीटा नहीं गया था. हादसे में बाइक को ही कार कुछ दूरी तक घसीटती हुई ले गई.
शराब के नशे में नहीं था ड्राइवर
गिरफ्तारी के बाद 73 साल का आरोपी ड्राइवर का भी मेडिकल टेस्ट कराया गया. पुलिस के मुताबिक जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े दूसरे तथ्यों की जांच कर रही है. कार भी पुलिस के कब्जे में है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.