जयपुर. राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद अब जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के महापौर और कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के अध्यक्ष पद की तस्वीर 25 सितंबर को साफ होगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने इन चारों निकायों में प्रमुख पदों के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है. ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण कुछ वार्डों के बूथ पर मतदान प्रभावित होने के बाद 16 सितंबर को दोबारा मतदान कराया गया था और 17 सितंबर को इनके परिणाम जारी किए गए. इसके बाद इन निकायों में प्रमुख पदों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. 18 सितंबर को महापौर और अध्यक्ष पद के लिए लोक सूचना जारी होगी, जबकि 19 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे.
19 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे
जयपुर में कांग्रेस ने चारों री-पोलिंग वार्ड जीते
री-पोलिंग के बाद जयपुर नगर निगम के समीकरण में कांग्रेस की सीटें बढ़ी हैं. चार वार्डों में हुए पुनर्मतदान में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप किया. वार्ड 9 से कांग्रेस की कैलाशी देवी 764 वोटों से जीतीं. वार्ड 18 से वंदिता शर्मा ने 181 वोटों से जीत दर्ज की. वार्ड 25 से रेखा देवी 397 वोटों से और वार्ड 34 से सुरेश यादव 149 वोटों से विजयी हुए. इन चार वार्डों के पांच बूथ पर पुनर्मतदान कराया गया था. इसके बाद 150 वार्ड वाले जयपुर नगर निगम में कांग्रेस की सीटें 53 से बढ़कर 57 हो गई हैं. भाजपा के पास 78 सीटें हैं, जबकि 15 सीटें निर्दलीय और अन्य दलों के खाते में हैं.
जोधपुर में भाजपा की एक सीट बढ़ी
जोधपुर नगर निगम के वार्ड 50 के बूथ नंबर 338 पर हुए पुनर्मतदान में भाजपा के हेमाराम चौधरी ने जीत दर्ज की. इसके साथ ही भाजपा की सीटें 44 से बढ़कर 45 हो गईं. 14 सितंबर को जारी परिणामों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को 44-44 सीटें मिली थीं. इसके अलावा आरएलपी का एक और निर्दलीयों के 10 पार्षद जीते थे. अब 100 वार्ड वाले जोधपुर नगर निगम में भाजपा के 45 पार्षद हैं. कांग्रेस के 44, आरएलपी का एक और निर्दलीय 10 पार्षद हैं. ऐसे में महापौर चुनाव के दौरान निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है.
कोटा में भाजपा की संख्या 57 हुई
सुकेत में कांग्रेस के 11 पार्षद
कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के वार्ड 4 के एक बूथ पर हुए पुनर्मतदान में कांग्रेस के मोहम्मद रफीक ने जीत दर्ज की. इसके बाद 25 वार्ड वाली सुकेत नगरपालिका में कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 11 हो गई है. भाजपा के 10 पार्षद हैं, जबकि चार सीटें निर्दलीयों के पास हैं. सुकेत में भी 25 सितंबर को अध्यक्ष पद का चुनाव होगा. इसके बाद 26 सितंबर को उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
26 सितंबर को उप महापौर और उपाध्यक्ष का चुनाव
महापौर और अध्यक्ष के चुनाव के अगले दिन यानी 26 सितंबर को उप महापौर और उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया होगी. उप महापौर चुनाव के लिए सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी. उम्मीदवार सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. जरूरत पड़ने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान खत्म होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा. सुकेत नगरपालिका में भी उपाध्यक्ष पद की प्रक्रिया 26 सितंबर को होगी. इस तरह री-पोलिंग के कारण अटकी चारों निकायों के प्रमुख पदों की निर्वाचन प्रक्रिया अब पूरी होने जा रही है.