Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में मौसम ने करवट बदल ली है. मौसम विभाग ने पटना समेत 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. साथ ही वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है. सावधान रहें और सुरक्षित स्थान पर रहें.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटनाः बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को राज्य के 19 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. आज प्रदेश के आधे हिस्से में तेज बारिश होगी, तो वहीं बाकी आधे हिस्से में धूप खिली रहेगी.
इन जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी
- मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में मौसम का असर दिखेगा.
- येलो अलर्ट वाले इलाकों में बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. यहां वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी भी जारी की गई है.
बिहार वेदर अपडेट
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
- राजधानी पटना में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिनभर में बारिश या गरज-चमक के एक से दो दौर देखने को मिल सकते हैं. यहां अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
- पटना में 19 सितंबर तक बारिश और बिजली चमकने का सिलसिला जारी रह सकता है. इसके बाद 20 सितंबर को बादल छाए रहेंगे, जबकि 21 से 23 सितंबर के दौरान फिर से छिटपुट बारिश हो सकती है.
मानसून का हाल: 36% कम हुई है बारिश
इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से करीब 36% कम बारिश दर्ज की गई है.
- सामान्य बारिश का आंकड़ा: 906.2 मिमी होनी चाहिए थी.
- अब तक हुई बारिश: सिर्फ 581.6 मिमी रिकॉर्ड की गई है.
- कुल कमी: राज्य में 324.6 मिमी बारिश की कमी बनी हुई है.
बारिश के आंकड़े
- बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बेगूसराय में 58 मिमी, बक्सर में 53 मिमी, सीवान में 33 मिमी, गया में 32 मिमी और पटना में 22 मिमी बारिश हुई है. हालांकि, पूरे राज्य में एक समान बारिश नहीं होने के कारण कई इलाकों में लोग गर्मी से परेशान हैं. दूसरी तरफ, राज्य में बाढ़ की वजह से अब तक करीब 50 लाख लोग प्रभावित हो चुके हैं.
प्रमुख शहरों का तापमान
- दरभंगा: 35.1°C (सबसे गर्म)
- शेखपुरा: 35.0°C
- सुपौल: 34.8°C
- नालंदा: 34.6°C
- पश्चिम चंपारण और रोहतास: 34.4°C
- पूर्णिया और पूर्वी चंपारण: 34.0°C
क्यों सता रही है भारी उमस?
- तापमान बहुत ज्यादा न होने के बावजूद लोगों को भारी चिपचिपाहट और उमस का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के बाद हवा में नमी (ह्युमिडिटी) बढ़ जाती है. जब दिन में धूप निकलती है तो जमीन गर्म होती है, लेकिन नमी के कारण शरीर का पसीना सूख नहीं पाता. यही वजह है कि मौसम में उमस और गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है.
आगे कैसा रहेगा मौसम?
- 18 सितंबर को पूरे राज्य में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी. 19 सितंबर से कोई बड़ा अलर्ट तो नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा, 19 सितंबर के आसपास अंडमान सागर में एक नया निम्न दबाव बनने की संभावना है, जिसके बाद मौसम में फिर बदलाव आ सकता है.