Last Updated:
Patna News : बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा करजान गांव से अमन कुमार 13 सितंबर से लापता है. परिजनों के मुताबिक, अमन पटना जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है.
अमन के पिता रवींद्र सिंह ने अपने चेचेरे भाई गौतम पर शक जताया है.
बाढ़. पटना जाने की बात कहकर घर से निकला 13 साल का अमन कुमार लापता हो गया है. मामला बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा करजान गांव का है. अमन के अचानक लापता होने के बाद उसके माता-पिता और परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं. परिजनों ने अथमलगोला थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है.
परिजनों के मुताबिक, अमन 13 सितंबर को पटना जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. काफी तलाश करने के बाद भी जब अमन का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और अथमलगोला थाने में मामला दर्ज कराया. अमन के घर नहीं लौटने के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है. माता-पिता लगातार बेटे के वापस आने का इंतजार कर रहे हैं. आसपास के ग्रामीण भी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और अमन की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.
पिता ने जताया चेचेरे भाई पर शक
अमन के पिता रवींद्र सिंह ने अपने चेचेरे भाई गौतम पर शक जताया है. उनका कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद रहा है और उन्हें आशंका है कि इसी विवाद को लेकर अमन के साथ कोई अनहोनी की गई हो सकती है. हालांकि, यह परिजनों की आशंका और आरोप हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है. अमन की बड़ी बहन शामली प्रिया ने बताया कि उसका भाई पटना जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है. परिवार लगातार अमन की तलाश कर रहा है.
एक व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की सूचना मिलने के बाद अथमलगोला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की है. पुलिस अमन के लापता होने के कारणों और उसके आखिरी बार कहां देखे जाने समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है. वहीं, बेटे के लापता होने से माता-पिता बेहद परेशान हैं. परिजन दिनभर भगवान की पूजा-अर्चना कर अमन की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं. परिवार और ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस की जांच के बाद जल्द ही अमन का सुराग मिल जाएगा.