Last Updated:
Akhilesh Yadav PDA Rath: समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘PDA रथ’ को लेकर उत्तर प्रदेश (यूपी) का सियासत का पारा अभी से सातवें आसमान पर गया है. सपा जहां इस रथ के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग को एकजुट करने की बड़ी तैयारी कर रही है. वहीं, बीजेपी ने इस पर हमला बोलते हुए इसे ‘गुंडागर्दी और अपराधियों का रथ’ बताया है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि सपा 2047 तक सत्ता में नहीं आने वाली.
अखिलेश यादव जल्द ही यूपी के हर जिलों में लेकर पहुंचेंगे अपनी पीडीए रथ.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट अभी से तेज है. समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘PDA रथ’ को लेकर सियासी पारा हाई हो चुका है. ये अभी सड़कों पर पूरी तरह उतरा भी नहीं है, लेकिन इसके आने की आहट भर से राजनीतिक गलियारों जुबानी-हमले शुरू हो चुके हैं. एक तरफ समाजवादी पार्टी इसे पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों (PDA) को जोड़ने का सबसे बड़ा हथियार बता रही है, तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पर चौतरफा हमला बोलते हुए इसे अपराधियों और गुंडों का रथ बता दिया है.
समाजवादी पार्टी के मुताबिक, 2027 की चुनावी रण से पहले पार्टी का PDA रथ पूरी तरह तैयार किया जा रहा है. हाल ही में इसके कुछ वीडियो सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. सपा का दावा है कि यह रथ यात्रा प्रदेश के कोने-कोने, हर जिले और हर विधानसभा तक जाएगी.
रथ तैयार हो रहा है
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा, ‘देखिए, समाजवादी पार्टी का PDA रथ अभी तैयार हो रहा है… जब यह पूरी तरह फाइनल हो जाएगा तो इसके विजुअल मीडिया के साथ साझा किए जाएंगे. PDA समाज में इसे लेकर बड़ा उत्साह है. जनता अपने नेता अखिलेश यादव जी को सुनना चाहती है. यह रथ यात्रा जल्द शुरू होगी और पूरे यूपी को कवर करते हुए बड़ा संदेश देगी.’
सपा आएगी तो गुंडागर्दी आएगी
लेकिन, इस रथ के पहियों के सड़क पर घूमने से पहले ही बीजेपी ने इस पर कड़ा प्रहार किया है. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने PDA रथ पर तीखा तंज कसते हुए इसे सीधे तौर पर ‘गुंडाराज’ का प्रतीक बता दिया है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘उनका यह रथ यही संदेश दे रहा है कि अगर सपा आएगी तो राज्य में गुंडागर्दी आएगी, अपराधी आएंगे. 2027 तो छोड़िए, सपा 2047 तक भी सत्ता में लौटने वाली नहीं है. प्रदेश में कमल खिला है और कमल खिला ही रहेगा. फर्क साफ है – सपा के पास गुंडे, दंगाई और अपराधी हैं, जबकि बीजेपी के पास देश और समाज के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं.’
अनर्गल मुद्दों से ध्यान भटकाने के बजाय जनता के मुद्दों पर हो बात
इस पूरे सियासी घटनाक्रम के बीच कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बयान देते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दल पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और कांग्रेस भी सभी को साथ लेकर पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यूपी के असली मुद्दों को प्रबलता से उठाया जाना चाहिए और राजनीति पूरी तरह जनता-सेंट्रिक (लोगों पर केंद्रित) कैंपेन पर आधारित होनी चाहिए. अनर्गल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के बजाय मूल समस्याओं पर बात होनी चाहिए. कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता मिलकर चुनावी मुहिम में जुटे हैं और सूबे की हवा बता रही है कि यूपी एक बड़े बदलाव की तरफ बढ़ रहा है.