MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
बैतूल में महिला ने 15 माह की बेटी संग आत्मदाह किया, दोनों की मौत
बैतूल के आठनेर थाना क्षेत्र के वलनी गांव में 15 माह की बेटी समेत महिला ने आत्मदाह कर लिया. इलाज के दौरान मां-बेटी की मौत हो गई. मृतिका संजना ने सुसाइड नोट भेजकर सास, बुआ सास और अन्य लोगों पर प्रताड़ना व दहेज के लिए परेशान करने के आरोप लगाए थे. पुलिस ने मामले में पति, सास और बुआ सास को गिरफ्तार किया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया.
दंतेवाड़ा में विश्वकर्मा पूजा की धूम, मशीनों-औजारों और वाहनों की हुई पूजा
दंतेवाड़ा जिले में विश्वकर्मा पूजा को लेकर उत्साह नजर आया.औद्योगिक प्रतिष्ठानों, वर्कशॉप और दुकानों में मशीनों, औजारों और वाहनों की पूजा-अर्चना की गई. लोगों ने सुख-समृद्धि और कारोबार में तरक्की की कामना की। कई जगह प्रसाद वितरण भी हुआ.
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की 25 वर्षों की यात्रा राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनकल्याण का अध्याय है. साहू ने कहा कि सेवा अभियान के जरिए प्रधानमंत्री की इस यात्रा और उनके कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
धमतरी के नगरी में दंतैल हाथी की दहशत, पीपरछेड़ी-कमारपारा में हाई अलर्ट
धमतरी के नगरी इलाके में दंतैल हाथी की मौजूदगी से दहशत का माहौल है. पीपरछेड़ी और कमारपारा में वन विभाग ने मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है. ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इंदौर में हेमंत खंडेलवाल का राहुल गांधी पर निशाना
इंदौर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के मध्य प्रदेश दौरे को कार्यकर्ताओं के लिए खुशी की बात बताया. उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत लोगों को संपत्ति का अधिकार मिलने की बात कही. वहीं राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि जब ब्रिक्स जैसे महत्वपूर्ण समय में चीन और रूस भारत को प्रमुख भूमिका में देख रहे थे, तब राहुल गांधी वेज और नॉनवेज जैसे मुद्दों पर बहस कर रहे थे.
मंडला में बदहाल सड़क का दर्द, कीचड़ भरे रास्ते से शव ले जाने को मजबूर ग्रामीण
मंडला के सुकतरा गांव में बारिश के बाद मोक्षधाम मार्ग दलदल में बदल गया. खराब सड़क के चलते ग्रामीण शव को कंधे पर रखकर कीचड़ भरे रास्ते से मुक्तिधाम तक ले जाने को मजबूर हुए. शव यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
MP में पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान
भोपाल समेत मध्य प्रदेश में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ. बीजेपी के आह्वान पर प्रदेश में 290 से अधिक स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए गए. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जेपी अस्पताल पहुंचकर अभियान का जायजा लिया. अब तक 6,744 यूनिट रक्तदान की जानकारी सामने आई है. वहीं, स्वामित्व अधिकार अभिलेख योजना के तहत 50 लाख से अधिक ग्रामीण निजी संपत्तियों की निशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी, जिसका खर्च सरकार उठाएगी. 41,568 गांवों में 68.47 लाख अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं. अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा और पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इधर, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों पर सीएम मोहन यादव ने पलटवार किया. पटवारी के स्टेडियम के लिए 10 लाख रुपये मांगने के आरोप पर सीएम ने कहा कि पहले अनुमति नहीं देने की बात कही जा रही थी और अब पैसे की बात की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार एक करोड़ रुपये लगाएगी तो एक करोड़ रुपये देने को तैयार है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शाजापुर में सेवा संकल्प अभियान
शाजापुर जिले के शुजालपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज वृहद स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री इन्दर सिंह परमार की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान चलाया गया. मंत्री इंदर सिंह परमार ने अभियान के दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों एवं नागरिकों के साथ मिलकर सफाई अभियान में भाग लिया.
इंदौर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे. दिन की शुरुआत भोपाल से होगी. मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे विधानसभा पहुंचेंगे, जहां आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद सुबह 11:10 बजे जेपी अस्पताल पहुंचकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर की शुरुआत करेंगे. दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचेंगे. यहां दोपहर 1:45 बजे अहिल्या बाई एयरपोर्ट पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करेंगे. इसके बाद दोपहर 2:45 बजे स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना की शुरुआत करेंगे.
आद से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मध्य प्रदेश का दो दिवसीय दौरा
आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे. उनके प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. नितिन नबीन अपने दौरे की शुरुआत इंदौर से करेंगे, जहां वे स्वामित्व योजना की राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल होंगे. दौरे के दौरान नितिन नबीन उज्जैन भी जाएंगे. यहां वे रामघाट पर शिप्रा आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. रात करीब 8 बजे वे भजन संध्या में भी हिस्सा लेंगे. दो दिवसीय प्रवास के दौरान पार्टी संगठन से जुड़े कार्यक्रमों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों का भी कार्यक्रम है.
भारत में चीता प्रोजेक्ट के चार साल आज पूरे
फर्जी IAS मामला, खुद ही जांच के घेरे में ASI
मध्य प्रदेश में फर्जी IAS अधिकारी से जुड़े धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहे ASI खुद ही जांच के घेरे में आ गए हैं. आरोप है कि उन्होंने केस की जांच के दौरान फरियादियों और आरोपियों से रुपए की मांग की. शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने ASI को लाइन अटैच कर दिया है. मामला फर्जी IAS बनकर लोगों से धोखाधड़ी करने से जुड़ा है. पुलिस इस प्रकरण में आरोपियों से पूछताछ के साथ दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही थी. इसी दौरान जांच अधिकारी पर ही पैसे मांगने के आरोप लगाए गए. बताया गया कि ASI ने केस से जुड़े लोगों से अलग-अलग स्तर पर रुपए की मांग की थी. शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और ASI को तत्काल लाइन अटैच कर दिया गया.